Siwan News कृषि और निर्माण कार्य में लगे वाहनों की मैन्युअल फिटनेस जांच को मिलेगी छूट
Siwan News सीवान में कृषि और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले निर्धारित श्रेणियों के वाहनों की फिटनेस जांच अब मैन्युअल तरीके से कराई जा सकेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने यह छूट दी है। ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, बुलडोजर, डंपर और विभिन्न ट्रेलर सूची में शामिल हैं। नई व्यवस्था से वाहन मालिकों को एटीएस में जांच कराने की बाध्यता से राहत मिलेगी। अन्य वाहनों पर मौजूदा नियम लागू होंगे।

कृषि और निर्माण वाहनों की मैन्युअल फिटनेस जांच
Siwan News
सीवान, निज प्रतिनिधि। जिले में कृषि और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले कई श्रेणियों के वाहनों की फिटनेस जांच अब मैन्युअल तरीके से कराई जा सकेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। नई व्यवस्था से संबंधित वाहन मालिकों को स्वचालित परीक्षण केंद्र (एटीएस) में जाकर फिटनेस जांच कराने की बाध्यता से राहत मिलेगी। इससे कृषि और निर्माण कार्य से जुड़े वाहन संचालकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। बताया गया कि फिटनेस जांच के दौरान आ रही व्यावहारिक समस्याओं को देखते हुए मंत्रालय ने यह छूट दी है। इसके तहत कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर, पावर टिलर और हार्वेस्टर सहित निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली विभिन्न मशीनों और विशेष श्रेणी के वाहनों को शामिल किया गया है। मंत्रालय की ओर से पात्र वाहनों की सूची भी जारी की गई है। निर्धारित श्रेणियों में आने वाले वाहनों की फिटनेस जांच मैन्युअल तरीके से कराई जा सकेगी। ट्रैक्टर से लेकर बुलडोजर तक को राहत जारी सूची में कृषि ट्रैक्टर, पावर टिलर, हार्वेस्टर, रोड रोलर, बुलडोजर, एक्सकेवेटर, डंपर और फोर्कलिफ्ट जैसे वाहन शामिल हैं। इसके अलावा क्रेन पर लगे वाहन, अर्थ मूविंग उपकरण और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली अन्य मशीनों को भी इस व्यवस्था के दायरे में रखा गया है। ट्रेलर की विभिन्न श्रेणियों को भी मैन्युअल फिटनेस जांच की छूट दी गई है। इनमें ट्रैक्टर से जुड़े ट्रेलर, कृषि ट्रेलर, निजी उपयोग के ट्रेलर, व्यावसायिक ट्रेलर, सेमी-ट्रेलर, सहायक ट्रेलर और बहुधुरी हाइड्रोलिक ट्रेलर शामिल हैं। सूची में कुछ विशेष प्रकार के ई-रिक्शा और अन्य उपकरण वाहन भी शामिल हैं। वाहन मालिकों को मिलेगी सुविधा नई व्यवस्था से कृषि और निर्माण क्षेत्र में काम आने वाले वाहनों के मालिकों को फिटनेस जांच कराने में सहूलियत होगी। खासकर उन वाहन संचालकों को राहत मिलेगी, जिन्हें एटीएस में जांच कराने के लिए अतिरिक्त समय और संसाधन खर्च करने पड़ते थे। हालांकि, मैन्युअल जांच की सुविधा निर्धारित श्रेणियों के वाहनों पर ही लागू होगी। अन्य वाहनों के लिए लागू फिटनेस जांच संबंधी नियमों का पालन करना होगा।

