जिले में भीषण गर्मी, लू और संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज

Apr 08, 2026 02:14 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

सीवान जिले में बढ़ती गर्मी, लू और संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक में सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। अग्निशामक उपकरणों की उपलब्धता, स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और विद्युत विभाग के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया।

 जिले में भीषण गर्मी, लू और संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज

सीवान। जिले में बढ़ती गर्मी, लू, अग्निकांड और संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में अनिवार्य रूप से फायर ऑडिट कराना सुनिश्चित करें। साथ ही अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और पारा मेडिकल स्टाफ की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही लू और भीषण गर्मी से संबंधित दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, एम्बुलेंस को हमेशा तैयार स्थिति में रखने और एईएस व जेई वार्डों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के तहत फायर ऑडिट कराने और अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को जर्जर तारों की मरम्मत एवं पेड़ों की छंटाई शीघ्र कराने का निर्देश बैठक में विद्युत विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सीवान एवं महाराजगंज को सभी पावर सब-स्टेशनों की साफ-सफाई, ट्रांसफार्मरों के लोड की जांच, जर्जर तारों की मरम्मत एवं पेड़ों की छंटाई शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में संभावित बाढ़-2026 की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर अपर समाहर्त्ता आपदा प्रबंधन, सिविल सर्जन, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सहित नगर निकायों के सभी कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।