जिले की चार बेटियों का बीसीसीआई सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट के लिए चयन

Feb 03, 2026 03:18 pm IST
Newswrap हिन्दुस्तान, सीवान

गोपालपुर, हुसैनगंज की बेटियाँ खेल के मैदान में लड़कों से कम नहीं हैं। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी की गई 17 महिला खिलाड़ियों की सूची में सीवान की चार खिलाड़ियों का नाम शामिल है। इनमें सूर्या भारद्वाज, श्रुति गुप्ता, वैदेही यादव, और जूली कुमारी शामिल हैं। ये खिलाड़ी बीसीसीआई सीनियर विमेंस वनडे टूर्नामेंट में भाग लेंगी।

 जिले की चार बेटियों का बीसीसीआई सीनियर महिला वनडे टूर्नामेंट के लिए चयन

गोपालपुर, निज संवाददाता। खेल के मैदान में हुसैनगंज की बेटियां भी लड़कों से कम नहीं हैं। हुसैनगंज प्रखंड के मचकना निवासी जयप्रकाश पाठक की पुत्री सूर्या भारद्वाज व सिधवल निवासी जूली कुमारी के लिए ये कथन पूरी तरह सही बैठता है। शनिवार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा जारी किए गए 17 महिला खिलाड़ियों की लिस्ट में सीवान की चार खिलाड़ियों का नाम होना पूरे सीवान जिले के लिए गर्व की बात है। सभी खिलाड़ियों को आगामी बीसीसीआई सीनियर विमेंस वनडे टूर्नामेंट के लिए बिहार टीम में चुना गया है। ये सभी खिलाड़ी उड़ीसा राज्य में 6 फरवरी से 14 फरवरी के दौरान 5 मैच खेलेंगे जो कलिंगा यूनिवर्सिटी खेल मैदान और बाराबती इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे जिसके लिए खिलाड़ी पहले ही अभ्यास के लिए रवाना हो चुके हैं।

हुसैनगंज के मचकना गांव की रहने वाली सूर्या भारद्वाज की बात करें तो उन्होंने सर्वप्रथम बिहार की टीम में अपनी जगह बनाई और अब राष्ट्रीय स्तर पर सीवान का नाम रौशन कर रही हैं। पिता जयप्रकाश पाठक जीवन बीमा निगम में अभिकर्ता के पद पर कार्यरत हैं। वहीं सूर्या भारद्वाज सीवान स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट कर वर्तमान में नई दिल्ली से वेंकटेश्वर कॉलेज से स्नातक कर रही हैं। ये दाएं हाथ की मध्यम गति की गेंदबाज एवं बल्लेबाज हैं जिन्होंने अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। गांव के गली मोहल्ले से निकल कर अपनी लगन और मेहनत के बल पर आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम तक उनके सफर का सपना सच होता दिख रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिजनों एवं ग्रामीणों समेत हुसैनगंज प्रखंड की जनता खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही है। वहीं जीरादेई प्रखंड के बढ़ेंया निवासी संजय साह की पुत्री श्रुति गुप्ता व रघुनाथपुर प्रखंड के लौकीपुर निवासी राकेश कुमार यादव की पुत्री वैदेही यादव का नाम भी लिस्ट में शामिल है। वैदेही यादव इस बिहार विमेंस टीम की उपकप्तान भी हैं। इसके पूर्व भी ये बेटियां बिहार महिला क्रिकेट एसोसिएशन व अन्य ट्रॉफी में खेल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर चुकी हैं। बिहार की तरफ से खेलने की सूचना बीसीसीआइ कमेटी द्वारा वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उनके स्वजनों का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सूचना मिलते ही इन्हें बधाई देने की सिलसिला शुरू हो गया।

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेख