
बागीचे में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
संक्षेप: बड़हरिया में तेतहली नहर पुल के पास एक आम के पेड़ से 35 वर्षीय लालचंद मांझी का शव लटकता मिला। वह रविवार शाम घर से निकले थे और वापस नहीं आए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिवार में मातमी सन्नाटा है, और ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
बड़हरिया, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग स्थित तेतहली नहर पुल के पास सोमवार की सुबह एक आम के पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान तेतहली मुखिया जी के टोला निवासी लालचंद मांझी (35 वर्ष), पिता बिगु मांझी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, लालचंद रविवार की शाम करीब चार बजे घर से यह कहकर निकले थे कि बाहर जा रहे हैं। इसके बाद वे देर रात तक वापस नहीं लौटे। सोमवार की सुबह जब स्थानीय लोग शौच के लिए बगीचे की ओर गए, तो पेड़ से लटकते हुए उनका शव देखकर दंग रह गए।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।थानाध्यक्ष छोटन कुमार, एसआई मेघनाथ चौधरी व कौसर अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा। पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। गांव में पसरा मातमी सन्नाटा पोस्टमार्टम के बाद जब लालचंद मांझी का शव गांव पहुंचा, तो पूरे तेतहली गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों की आंखें नम थीं। पूर्व मुखिया एवं कांग्रेस नेता एसएम फ़ज़ले हक, उपमुखिया फ़ज़ले बारी, मिशबाहुल हक उर्फ लड्डू बाबू, अताउल हक सहित कई ग्रामीणों ने शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। खिलौना बेचकर चलाता था परिवार लालचंद मांझी गांव-गांव घूमकर खिलौना बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता की मौत के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। मृतक के पीछे पत्नी चमेली देवी, पुत्री लक्ष्मी देवी, पुत्र हिमांशु कुमार और वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ महीनों से लालचंद मानसिक रूप से परेशान रहते थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




