Siwan News कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र की भक्ति-भावना से हुई शुभ शुरुआत
Siwan News रघुनाथपुर प्रखंड और आसपास के गांवों में रविवार को कलश स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि शुरू हुई। नरहन और करसर की महिलाओं व युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में कलश यात्राएं निकालीं। नरहन में सरयू नदी तट से जल भरकर स्थापना की गई। गांधीनगर समेत कई गांवों में पूजा-अर्चना हुई और मंदिरों व पूजा पंडालों को सजाया गया। नौ दिवसीय पर्व से क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल है।

रघुनाथपुर में कलश स्थापना के साथ नवरात्रि शुरू
Siwan News
रघुनाथपुर, एक संवाददाता। शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व रविवार को विधिपूर्वक कलश स्थापना के साथ आरंभ हो गया। प्रखंड मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां भगवती की पूजा-अर्चना कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। कलश स्थापना के शुभ अवसर पर विभिन्न गांवों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। नरहन व करसर गांव की महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर सिर पर कलश लेकर जयकारों के साथ यात्रा निकाली। नरहन गांव के सरयू नदी तट से वैदिक विधि-विधान के साथ जल भरकर कलश स्थापना की गई। जय माता दी के गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा और पूरे क्षेत्र में आस्था की लहर दौड़ गई। गांधीनगर, रघुनाथपुर में नवयुवक दल दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य आयोजन किया गया, जहां आचार्य विनय तिवारी व यजमान आदित्य मिश्रा की उपस्थिति में विधिपूर्वक पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा और आस्था से मां दुर्गा का आह्वान किया। इसके अलावा मुरारपट्टी नरहन, राजपुर, आदमपुर, निखती कला, टारी, चकरी, गभीरार नवादा समेत दर्जनों गांवों में भी कलश स्थापना के साथ नवरात्रि की पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। हर गांव में मंदिरों और पूजा पंडालों को आकर्षक रूप से सजाया गया है, और पूरे वातावरण में मां दुर्गा की भक्ति के स्वर गूंज रहे हैं। निखती खुर्द व अमहरा गांव में भी कलश की स्थापना की गई है। भक्ति, श्रद्धा और अनुशासन के साथ शुरू हुए इस नौ दिवसीय पर्व में पूरे क्षेत्र में उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिल रहा है।

