हेलमेट पहन दोपहिया वाहन चलाने वालों को दिए गुलाब का फूल

Jan 08, 2026 03:25 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

महाराजगंज में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई। हेलमेट पहनने वालों को सम्मानित किया गया, जबकि बिना हेलमेट के चालकों को हेलमेट पहनाया गया। अभियान का उद्देश्य आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

 हेलमेट पहन दोपहिया वाहन चलाने वालों को दिए गुलाब का फूल

महाराजगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला परिवहन कार्यालय जागरुकता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में महाराजगंज अनुमंडल कार्यालय भवन में सातवें दिन बुधवार को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलायी गयी। डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने डीटीओ अमर ज्योति व महाराजगंज एसडीओ अनिता कुमारी समेत महाराजगंज के पदाधिकारियों को यातायात सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलायी। शपथ के उपरांत डीएम व डीटीओ ने हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वालों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया। वहीं जिन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखी थी उन्हें हेलमेट पहनाया गया। सातवें दिन विशेष रूप से एमभी एक्ट के तहत हेलमेट व सीट बेल्ट की जांच विशेष रूप से की गई।

वाहन परमिट व प्रदूषण की जांच विशेष रूप से मोटर यान निरीक्षक, प्रवर्तन अवर निरीक्षक व सभी चलंत दस्ता सिपाहियों ने की। मौके पर डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य यातायात में सुरक्षा के नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने विशेष रूप से युवा वाहन चालकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि ऐसा देखा जा रहा है की सड़क दुर्घटना में ज्यादातर युवाओं की लापरवाही सामने आ रही है। सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का सुदृढ़ता से अनुपालन अति आवश्यक है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। इससे वाहन चालकों के साथ आमलोगों का जीवन भी सुरक्षित रह सकेगा। वाहन चालक यातायात से संबंधित नियमों का सुदृढ़तापूर्ण ढंग से पालन कर सकें, इसके लिए लगातार यातायात नियमों के पालन के लिए जागरुकता अभियान के साथ चेकिंग अभियान चलाया जाता रहेगा। डीटीओ ने बताया कि यह अभियान जिला परिवहन कार्यालय पूरे माह चलायेगा। लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न नियमों की जानकारी रोचक ढंग से दी जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।