फरवरी में नहीं मिला राशन, हजारों कार्डधारक रहे परेशान
गोपालपुर के खानपुर खैरांटी समेत कई पंचायतों में फरवरी का राशन नहीं मिला, जिससे हजारों राशन कार्डधारक अनाज के बिना रह गए। महाशिवरात्रि और रमजान जैसे त्योहारों के बीच यह समस्या बढ़ गई। अधिकारियों ने कहा कि गोदाम बंद होने के कारण अनाज का आबंटन नहीं हो पाया। स्थानीय लोग प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग कर रहे हैं।

गोपालपुर, निज संवाददाता। हुसैनगंज प्रखंड के खानपुर खैरांटी समेत कई पंचायत के पीडीएस दुकानदारों को फरवरी माह का राशन आबंटित नहीं हो सका, जिससे प्रखंड के हजारों राशन कार्डधारक पूरे महीने अनाज से वंचित रहे। महाशिवरात्रि और रमजान जैसे पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र लोगों को उम्मीद थी कि समय पर राशन मिलेगा, लेकिन हकीकत इसके उलट रही। शुक्रवार को दुकानों पर राशन की आस में कार्डधारक दिनभर चक्कर लगाते रहे, पर दुकानदारों के पास वितरण के लिए अनाज ही नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब दुकानों तक राशन नहीं पहुंचा तो दुकानदार वितरण कैसे करते। पूरे महीने उपभोक्ता अनिश्चितता और परेशानियों के बीच रहे।
इस संबंध में प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि सभी पीडीएस दुकानदारों को अनाज का आबंटन पूर्व में कर दिया गया था, लेकिन आबंटन के समय खाद्यान्न गोदाम बंद था। गोदाम प्रबंधक के अनुपस्थित रहने के कारण कई दुकानदार अनाज उठाव नहीं कर सके, जिससे वितरण प्रभावित हुआ।उन्होंने यह भी कहा कि आज से कल तक सभी राशन कार्डधारकों को राशन उपलब्ध करा दिया जाएगा। हालांकि जमीनी हालात इसके विपरीत दिख रहे हैं, क्योंकि अब तक कई दुकानों तक अनाज नहीं पहुंच सका है। ऐसे में तय समयसीमा में वितरण पूरा होना मुश्किल प्रतीत होता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से वे परिवार सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, जिनके लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन ही पूरे महीने के खान-पान का आधार होता है। समय पर वितरण न होने से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था दुरुस्त कर निर्बाध राशन वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



