
मुखिया की हत्या के विरोध में रोड जाम कर हंगामा
रघुनाथपुर में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। बुधवार को गोपी पतियांव पंचायत के युवा मुखिया रांधा साह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ हंगामा किया और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से दहशत का माहौल है।
रघुनाथपुर, एक संवाददाता। थानाक्षेत्र में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता दिख रहा है। बुधवार की शाम रघुनाथपुर थानाक्षेत्र के फुलवरिया मोड़ के पास गोपी पतियांव पंचायत के युवा मुखिया रांधा साह को अज्ञात हमलावरों ने नजदीक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के विरोध में गुस्साए लोगों ने शव को अस्पताल से स्ट्रेचर सहित उठाकर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। देर शाम तक लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुस्से का इजहार कर रहे थे। प्रखंड के कई पंचायत प्रतिनिधि भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर घटना की निंदा करते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

लोगों ने शव को बीच सड़क पर रख दिया था। जिससे शाम से ही इस रोडपर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। बताया गया है कि शाम करीब 6 बजे जैसे ही वे फुलवरिया मोड़ के नजदीक पहुंचे, बुलेट बाइक पर आए सफेद कपड़ा पहने और गमछा से मुंह ढके अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। राहगीरों की मदद से मुखिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रघुनाथपुर में बढ़ी घटनाओं से लोगों में दहशत रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में बढ़ी आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत है। मालूम हो कि 24 नवंबर की रात टारी बाजार निवासी मृत्युंजय भगत के बंद घर से तीस लाख की चोरी, 27 नवंबर की दोपहर कृष्णा ज्वेलर्स में लूट और अब मुखिया की हत्या ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। वहीं एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही कांड का खुलासा करेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




