यूजीसी गाइडलाइन के समर्थन में दरौली में निकाला प्रतिवाद मार्च
दरौली प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को यूजीसी गाइडलाइन 2026 के समर्थन में छात्र और ग्रामीणों ने प्रतिवाद मार्च निकाला। सैकड़ों लोगों ने नारेबाजी की और शिक्षा में समानता का अधिकार मांगा। मार्च दरौली थाना मोड़ से शुरू होकर विभिन्न स्थानों से होता हुआ पुनः वहीं पहुंचा। पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने छात्रों को एकजुट होने की अपील की।

गुठनी, एक संवाददाता। दरौली प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार को यूजीसी गाइडलाइन 2026 के समर्थन और इसके शीघ्र लागू किए जाने की मांग को लेकर प्रतिवाद मार्च निकाला गया। इस मार्च में सैकड़ों छात्र, युवा और ग्रामीणों ने भाग लिया। मार्च के बाद एक आम सभा का भी आयोजन किया गया। प्रतिवाद मार्च में शामिल लोग हाथों में यूजीसी गाइडलाइन लागू करो, शैक्षणिक संस्थानों में भेदभाव नहीं चलेगा और शिक्षा में समानता हमारा अधिकार है जैसी तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए पूरे प्रखंड क्षेत्र में घूमे। यह मार्च दरौली थाना मोड़ से शुरू होकर कचहरी, गुठनी मोड़, पटेल मोड़ होते हुए पुनः दरौली थाना मोड़ पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया।
पूर्व विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि छात्रों को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। आरवाईए के जगजीतन शर्मा ने कहा कि यह गाइडलाइन छात्रों के सम्मान और भविष्य की सुरक्षा की गारंटी है। मुखिया लाल बहादुर भगत ने कहा कि जनता अब चुप नहीं बैठेगी और अन्याय के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर लाल बाबू पासवान, बच्चा प्रसाद, शर्मा यादव, जितेंद्र यादव, अविनाश कुशवाहा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


