
विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करनेवाले पुलिसकर्मी सम्मानित
संक्षेप: सीवान में विधानसभा चुनाव के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, लंबित वारंटों का निष्पादन, और भूमि विवादों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए गए। एसपी ने सभी अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का भी कहा।
सीवान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में रविवार को विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्ष और पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी ने कई अहम निर्देश दिए। बैठक में एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित वारंटों के शीघ्र निष्पादन, कुख्यात एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, तथा पुराने केसों के प्रभावी व समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देने को कहा। एसपी मनोज कुमार तिवारी ने सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी व अन्य महाराजगंज एसडीपीओ अमन समेत चार पुलिस उपाधीक्षक को विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द निपटाया जाए ताकि अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस परिणाम सामने आएं। जिले में बढ़ते जमीन विवाद को शांति और सुरक्षा के लिए चुनौती बताते हुए एसपी ने मामलों के शीघ्र एवं पारदर्शी निपटारे का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवाद कई बार तनाव और हिंसा का कारण बनते हैं, इसलिए पुलिस को इस दिशा में सक्रिय और संवेदनशील रहना होगा। चुनाव बाद की परिस्थिति को देखते हुए एसपी ने सभी अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कहीं भी तनाव, अफवाह या अशांति की सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर पहुंचकर त्वरित और कड़ी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होगा। उन्होंने पुलिस टीम से सक्रियता, पारदर्शिता और समन्वय बनाए रखते हुए जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




