अभियान चला पुलिस ने छुड़ाया तीन नाबालिगों को
सीवान में मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। बड़हरिया थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया है। इस मामले में तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीवान, निज प्रतिनिधि। मानव तस्करी व अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़हरिया थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। वहीं, इस मामले में तीन आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार भी किया गया है। तीनों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। मुक्त कराई गई लड़कियों में दो पश्चिम बंगाल व एक पंजाब की रहने वाली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के निदिया जिले के नाकसिपारा थाना क्षेत्र के गोपालपुर के ओसमन शेख, ताहेरपुर थाना क्षेत्र के भादुड़ी की तोपाश बाला व खगड़िया जिले के खगड़िया निवासी करण कुमार सोनी को मानव तस्करी एवं शोषण में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में महिला थाना में कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा कि सक्रिय पुलिसिंग के तहत एसपी पूरन कुमार झा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) नेतृत्व में महिला थाना व बड़हरिया थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। आर्केस्ट्रा संचालित स्थल पर छापेमारी के दौरान वहां मौजूद तीन नाबालिग लड़कियां बरामद की गईं। सभी को जबरन प्रताड़ित कर आर्केस्ट्रा में नृत्य करवाया जा रहा था। छापेमारी दल में महिला थाना, बड़हरिया थाना के पदाधिकारी के अलावे स्थानीय कर्मियों के साथ एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), मिशन मुक्ति फाउंडेशन व रेस्क्यू फाउंडेशन मुंबई के सदस्य भी शामिल रहे। बताया गया कि मानव तस्करी व अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना निकटतम थाना, जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर या डायल 112 पर देने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




