
लंबित मामलों के निष्पादन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर
महाराजगंज में एसडीपीओ अमन कुमार की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग हुई। बैठक में थानाध्यक्षों को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, रात की गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने पिछले पांच महीनों की पुलिस उपलब्धियों पर चर्चा की और टीमवर्क के महत्व पर जोर दिया।
महाराजगंज, एक संवाददाता। बुधवार को अनुमंडलीय पुलिस कार्यालय में एसडीपीओ अमन कुमार की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे। एसडीपीओ ने कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने तथा अपराध पर अंकुश लगाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए और थाना क्षेत्रवार सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया।उन्होंने कहा कि सर्द मौसम में चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि की आशंका रहती है, इसलिए सभी थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्ती को और प्रभावी व नियमित बनाएं। उन्होंने पैदल गश्ती कराने, गश्ती दल की जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन को प्राथमिकता देने की बात कही गई। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटियों पर कार्रवाई और पुराने मामलों में तेजी लाने के लिए थानाध्यक्षों को टास्क सौंपा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता से अपराध पर लगाम लगाई जा सकती है और जनता का भरोसा बढ़ता है।इस अवसर पर एसडीपीओ अमन कुमार ने पिछले पांच माह की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में हत्या, दहेज हत्या, सड़क हादसा, चोरी जैसे मामलों में पुलिस टीम ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कई महत्वपूर्ण मामलों में आरोपी गिरफ्त में आए हैं, जिसके लिए उन्होंने थानाध्यक्षों की सराहना की। एसडीपीओ ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी पुलिस पदाधिकारी टीमवर्क के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग ही अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


