बीते 24 घंटे में 18 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
सीवान जिले में पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसमें 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 13 आरोपी शराब कांडों में शामिल थे। पुलिस ने 10.300 किलोग्राम गांजा और 164.4 लीटर अवैध शराब जब्त की। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

सीवान, निज प्रतिनिधि। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई करने में जुटी है। इस क्रम में अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर बीते 24 घंटे के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लंबे समय से लंबित 32 वारंट व 2 कुर्की आदेशों का सफल निष्पादन किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में से 13 आरोपी शराब कांडों में शामिल थे, जबकि एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई। मादक पदार्थों के खिलाफ की गई कार्रवाई में पुलिस ने 10.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में 164.4 लीटर देसी शराब जब्त की गई है। विदेशी शराब की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बाइक व एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। बताया जाता है कि इन वाहनों का उपयोग अवैध गतिविधियों में किया जा रहा था। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 1 लाख 92 हजार 500 रुपये की जमानत राशि भी वसूली गई है। आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान एसपी पीके झा ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शराबबंदी को सख्ती से लागू करने व नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी व जिले में शांति व सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




