भाईचारे के साथ मनाएं होली, प्रशासन ने जारी की सख्त गाइडलाइन
बसंतपुर में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गीतों और तेज ध्वनि पर प्रतिबंध रहेगा।

बसंतपुर, एक संवाददाता। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन सीओ अजमत अली अंसारी ने किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की सामाजिक वैमनस्यता या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थानाध्यक्ष ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होली मिलन समारोह में अश्लील गीत, डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि हुड़दंग करने वालों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में होलिका दहन स्थलों, जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार भ्रमण करते रहेंगे। पंचायतों से आए मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य और अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने सुझाव रखे। सभी ने एक स्वर में अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत प्रसाद, मुख्य पार्षद अरुण सिंह, राजस्व पदाधिकारी उमेश प्रसाद, उर्मिला सिंह, राजद नेत्री रेणु यादव, मुखिया मूंगालाल चौधरी, कृष्ण प्रसाद, पैक्स अध्यक्ष बालेश्वर राय, देवीलाल शर्मा, कमरुद्दीन एवं लालू कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


