महादेवा स्थित पंचमुखी शिव मंदिर की अपनी अलग ही पहचान

Newswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता।बीडीओ ने ली योजनाओं की जानकारी दरौंदा। प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को बीडीओ दिनेश कुमार सिंह ने पंचायत राज पदाधिकारी, लेखापाल पंचायत सचिव व कार्यपालक सहायक के साथ बैठक...

महादेवा स्थित पंचमुखी शिव मंदिर की अपनी अलग ही पहचान

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता।

सावन मास में शहर से लेकर गांव तक के शिवालय महादेव की जयघोष से गुंजायमान हो रहे हैं। शिवालयों में एक तरफ भक्त महादेव को जलार्पण कर रहे , वहीं दूसरी तरफ रुद्राभिषेक, पार्थी पूजन व महामृत्युजंय का जप-तप भी हो रहा है। प्रत्येक शिवालय की अपनी महिमा है और प्रत्येक का अपना इतिहास भी। इन्हीं प्राचीन शिवालयों में से एक है, शहर के महादेवा स्थित पंचमुखी शिव मंदिर। पंचमुखी शिव मंदिर की अपनी अलग पहचान है। ऐसी मान्यता है कि पांच सौ वर्ष से भी अधिक पुराने इस मंदिर में स्थापित शिव का पंचमुखी लिंग अपने आप निकला था। स्थानीय लोगों के अनुसार प्राचीन काल में यहां खुदाई के दौरान यह शिवलिंग निकला था। इसके बाद इस स्थान पर मंदिर का निर्माण किया गया। महादेवा शिव मंदिर में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना व जलाभिषेक करने पर भक्तों की सारी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं। सावन मास के अलावा त्रयोदशी, महाशिवरात्रि समेत विभिन्न अवसरों पर श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। जलाभिषेक के साथ ही विभिन्न प्रकार के मांगलिक कार्य भी इस मंदिर में संपन्न होते हैं। यहां सीवान के अलावा सारण, गोपालगंज व यूपी से श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं।

शिव मंदिर को पंचमुखी शिवमंदिर के नाम से विख्यात

मंदिर के पुजारी वीरेंद्र पाठक के अनुसार, महादेवा शिव मंदिर को पंचमुखी शिवमंदिर के नाम से जाना-पहचाना जाता है। जो भी श्रद्धालु इस मंदिर में सच्चे श्रद्धाभाव से आते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं यहां आकर पूरी होती हैं। महादेव के नाम पर बने महादेवा मंदिर के कारण ही इस इलाके को महादेवा मोहल्ले के नाम से जाना जाता है। मंदिर प्रबंधन से जुड़े वार्ड पार्षद राजन साह ने बताया कि सावन मास में यहां पर आस्था का जनसैलाब उमड़ता है। विशेषकर सोमवार व तेरस को। जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, अष्टयाम समेत अन्य मांगलिक कार्य होते रहते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।