रघुनाथपुर में पांच सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल जारी
रघुनाथपुर में पंचायत सचिवों ने 5 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण आवेदकों को जन्म प्रमाण पत्र और अन्य सेवाओं में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सचिवों की प्रमुख मांगों में गृह जिला पदस्थापना, प्रोन्नति की उम्र समाप्त करना, और यात्रा भत्ता शामिल हैं।

(रघुनाथपुर से शशिभूषण)। प्रखंड कार्यालय अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में पदस्थापित पंचायत सचिव अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस हड़ताल का असर बुधवार से ही दिखने लगा है। बिहार राज्य पंचायत सचिव संघ के आह्वान पर पंचायत सचिवों के हड़ताल पर जाने से पहले ही दिन से आवेदकों की परेशानी बढ़ गई है। आवेदकों को जन्म प्रमाण पत्र व अन्य आवेदनों पर सत्यापन कराए बगैर लौटना पड़ा। हड़ताल पर गए पंचायत सचिवों ने बताया कि वो सभी पांच सूत्री मांगों को लेकर आठ अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।
सरकार जब तक उनकी गृह जिला पदस्थापना समेत अन्य मांगों को पूरा नहीं करेगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगा। पंचायत सचिवों की मांग में उनके गृह जिला में पदस्थापना, प्रोन्नति की उम्र 56 वर्ष समाप्त करने, ग्रेड-पे 4200 रुपए करने, दो हजार रुपए यात्रा भत्ता देने, सेवा संपुष्ट करने, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्णय के अनुसार प्रोन्नति के लिए पद देने आदि मांग शामिल है। बता दें कि पूर्व से अंचल के सीओ व आरओ के साथ राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। इस वजह से बहुत सारे अंचल के कार्य पंचायत सचिवों के जिम्मे था। अब पंचायत सचिवों के हड़ताल पर जाने से आम लोगों की समस्याओं के निष्पादन में काफी परेशानी होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


