... और जब सीवान के गांधी मैदान के होली मिलन में झाल बजाकर फगुआ गाने लगे स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय
Mar 03, 2026 10:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
सीवान के गांधी मैदान में एनडीए का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने होली गीत गाते हुए समारोह को रंगीन बनाया। उन्होंने सामाजिक समरसता का संदेश दिया और सभी से सुरक्षित होली मनाने की अपील की। इस कार्यक्रम में विभिन्न कलाकारों ने प्रस्तुतियाँ दीं और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया गया।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर के गांधी मैदान में एनडीए का भव्य होली मिलन समारोह सूबे के स्वास्थ्य सह विधि मंत्री मंगल पांडेय के नेतृत्व में सोमवार को किया गया। होली मिलन समारोह में उस समय अजब का समां बंध गया जब मंत्री मंगल पांडेय झाल बजाकर अपने भी मंच पर चढ़कर सुप्रसिद्ध गायक रितेश पांडेय के साथ होली गीत गाने लगे। होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता व आपसी प्रेम का प्रतीक है। उन्होंने सभी से सुरक्षित व सौहार्दपूर्ण ढंग से होली मनाने की अपील की। इस मौके पर रंग-अबीर के साथ फूलों की पंखुड़ियां उड़ाकर भव्य तरीके से होली मिलन समारोह को दोगुना कर दिया गया। रंगों के इस उत्सव में एनडीए के विभिन्न घटक दलों के नेताओं के साथ ही शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे थे। इससे पूरा वातावरण उल्लास व भाईचारे के रंग में रंग गया। भोजपुरी के लोक कलाकारों ने फगुआ व पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। होली मिलन समारोह में राम आएंगे फेम स्वाति मिश्रा, भोजपुरी के लोक कलाकार रितेश पांडेय व अलोक पांडेय समेत कई अन्य कलाकारों ने होली के पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर होली के उत्साह में जान फूंक दी। एक समय ऐसा आया जब लोक गायक रितेश पांडेय के गीत पर खुद मंत्री मंगल पांडेय झाल बजाने के लिए मंच पर पहुंच गए। ढोलक, मंजीरा व हारमोनियम की धुन पर गूंजते फगुआ गीतों ने लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कई लोग खुद को रोक नहीं सके, और लोक धुनों पर थिरकते नजर आए। कलाकारों की प्रस्तुति ने होली मिलन की खुशियों को दोगुना कर दिया। समारोह में हास्य - व्यंग्य कलाकार आनंद मोहन पांडेय, बीआईबी विजेन्द्र सिंह ने भी लोगों को जमकर गुदगुदाया। बहरहाल, होली मिलन समारोह में समारोह में पहुंचे लोगों के लिए होली के पारंपरिक पकवानों की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। मेहमानों को होली का पारंपरिक पकवान पूआ व दहीबाड़ा के साथ पूड़ी व छोला का सुस्वादु भोज कराया गया। लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए आपसी मेल-जोल को और मजबूत किया। गांधी मैदान में ये लोग थे मौजूद होली मिलन में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल, सांसद सीवान विजयलक्ष्मी कुशवाहा, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, देवेशकांत सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव, सीवान सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी व रंजीत प्रसाद, मुकेश कुमार बंटी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. संजय पांडेय, प्रमिल कुमार गोप, जदयू विधायक इंद्रदेव सिंह पटेल, जीरादेई विधायक भीष्म प्रताप सिंह ,जदयू के वरीय नेता विकास कुमार सिंह उर्फ जीशु सिंह, सुनील कुमार, डीएम विवेक रंजन मैत्रेय, एसपी पूरन कुमार झा, भाजपा नेत्री किरण गुप्ता, रंजना श्रीवास्तव, सुनीता जायसवाल, रुपल आनंद, राजेश श्रीवास्तव, देवेन्द्र गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, आदित्य कुमार पाठक, राजीव कुमार तिवारी, दिलीप सिंह, राजीव कुमार सिंह बिट्टू, समेत बड़ी संख्या में एनडीए नेता व कार्यकर्ता समेत आमजन उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


