
सज गया मां का दरबार, सोमवार को दिन में शुभ मुहूर्त में खुलेगा पट
भगवानपुर हाट में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा के दरबार की तैयारी पूरी हो चुकी है। भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है और पूजा पंडालों में भक्ति का माहौल है। देवी दुर्गा की मूर्तियों को सजाकर अंतिम...
भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मुख्यालय सहित गांव-गांव में शक्ति की देवी मां दुर्गा का दरबार सजकर तैयार हो चुका है। सोमवार को दिन में शुभ मुहूर्त में मां का पट खोला जाएगा। इसके साथ हीं पूजा पंडालों एवं मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगेगी। इसे लेकर चारों ओर भक्ति और उत्साह का वातावरण है। सभी बाजारों, चौक - चौराहों व विभिन्न गांवों में पूजा समितियों की ओर से आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं। कहीं बिजली की भव्य सजावट कर तो कहीं परंपरागत तरीके से श्रृंगार कर मां के दरबार को विशेष रूप दिया गया है।
गली - मोहल्लों में भी माता की आराधना के लिए छोटे-छोटे पंडाल बनाकर माता की मूर्तियों को स्थापित किया गया है। भगवानपुर नया बाजार में मनोकामना माता मंदिर, पुराना बाजार के दुर्गा मंदिर, रौनक नगर सारीपट्टी, भगवानपुर शिव - काली मंदिर, चांदनी चौक, चक्रवृद्धि मोड़, थाना मोड़, मलमलिया, माघर, विमल मोड़, हुलेसरा, मोरा, चकमुंदा, बाबा बाजार जुआफर, सकरी, महमदा आदि स्थानों में दुर्गा पूजा को लेकर धूम मची हुई है। इसे लेकर पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। मंदिर परिसर में घंटों की आवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण से वातावरण गूंजायमान है। बहुत से लोग अपने - अपने घरों में कलश स्थापित कर मां की आराधना कर रहे हैं। मूर्तिकारों ने देवी दुर्गा व अन्य देवी - देवताओं की मूर्तियों को अंतिम रूप दे दिया है। कलाकारों ने बारीकी से मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों को सजाकर जीवंत रूप प्रदान किया है। सप्तमी को इन मूर्तियों में प्राण - प्रतिष्ठा कर माता के पट खोले जाएंगे। इन मूर्तियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में उत्सुकता बनी हुई है। नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जगह-जगह स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। पूरे इलाके में देवी गीत और भक्ति संगीत गूंज रहे हैं। बच्चे और युवा पंडालों की सजावट में उत्साह से लगे हुए हैं। पूरे वातावरण में आस्था और उत्सव का रंग घुला हुआ दिखाई दे रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




