siwan crime News: बंद चिमनी के गड्ढे से महिला का शव बरामद, इलाके में सनसनी

हिन्दुस्तान, सीवान
Follow us on Google News
share

गुठनी में एक बंद पड़े ईंट-भट्ठा के गड्ढे से एक अज्ञात महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। मृतका की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शव के पास से कई सामान मिले हैं, जिनके आधार पर पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

siwan crime News: बंद चिमनी के गड्ढे से महिला का शव बरामद, इलाके में सनसनी

गुठनी, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के वाजिदही गांव स्थित एक बंद पड़ी ईंट-भट्ठा (चिमनी) के गहरे गड्ढे से बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर पहुंची गुठनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह कुछ ग्रामीण चिमनी के समीप गए थे। इसी दौरान उनकी नजर गड्ढे में पड़े एक शव पर पड़ी। शव दिखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस की जांच

सूचना मिलते ही गुठनी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को गड्ढे से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत कुछ दिन पूर्व हुई होगी। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सामान भी बरामद हुए हैं। शव के पास से मंगलसूत्र, कपड़े, झोला, चप्पल तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं मिली हैं। पुलिस इन सामानों के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के थानों एवं पड़ोसी जिलों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है, ताकि शव की शिनाख्त की जा सके।

स्थानीय प्रतिक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की। उनका कहना था कि महिला की पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सकेगी। इधर ग्रामीणों के बीच महिला की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे दुर्घटना मान रहे हैं, जबकि कई ग्रामीण हत्या कर शव को गड्ढे में फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और हर बिंदु पर जांच की बात कही है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि वाजिदही स्थित चिमनी के गड्ढे से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। शव के पास मिले सामानों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद वाजिदही समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। वहीं पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है। (गुठनी से प्रवीण तिवारी)

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

महिला का शव कहाँ से बरामद हुआ?
महिला का शव वाजिदही गांव स्थित एक बंद पड़ी ईंट-भट्ठा के गहरे गड्ढे से बरामद हुआ।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।