Hindi NewsBihar NewsSiwan NewsMobile Shopkeeper Murder in Bihar Police Investigate Motive Behind Killing Over 1600 Rupees
16 सौ रुपये के  लिए हुई थी मोबाइल दुकानदार की हत्या

16 सौ रुपये के लिए हुई थी मोबाइल दुकानदार की हत्या

संक्षेप:

दरौंदा में मोबाइल दुकानदार उमेंद्र कुमार सिंह की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों नितेश और सोनू से पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि हत्या का कारण केवल 1600 रुपये का लेन-देन था। हत्या 26 सितंबर को हुई थी, जिसके बाद दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Nov 18, 2025 02:38 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share Share
Follow Us on

दरौंदा, एक संवाददाता। भीखाबांध भैया-बहिनी बाजार में मोबाइल दुकानदार की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच की गति तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने जेल में बंद दो नामजद आरोपियों- नितेश कुमार और सोनू कुमार को कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि हत्या का कारण सिर्फ 1600 रुपये का लेन-देन था। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मामूली रकम को लेकर उपजा विवाद ही इस गंभीर अपराध की वजह बना। घटना 26 सितंबर की है, जब भीखाबांध बाजार स्थित मोबाइल दुकान पर अपराधियों ने भीखाबांध निवासी रामपुकार सिंह के पुत्र उमेन्द्र कुमार सिंह को गोली मार दी थी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गोली लगने के बाद दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैल गया था। मृतक के पिता द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें गांव के ही नितेश कुमार और सोनू कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया। घटना के बाद दोनों आरोपी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुके थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अब रिमांड पर ली गई पूछताछ में पुलिस को वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो गया है। पूछताछ पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को पुनः जेल भेज दिया। पुलिस टीम आगे अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों को अदालत में पुख्ता रूप से प्रस्तुत किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामूली रकम को लेकर हुई यह हत्या समाज के लिए दुखद और चिंताजनक है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।