ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार सीवानरेल राज्यमंत्री ने किया महाराजगंज-मशरक रेलखंड का उद्घाटन

रेल राज्यमंत्री ने किया महाराजगंज-मशरक रेलखंड का उद्घाटन

महाराजगंज में रेल सेवा चालू होने के बाद लोग इसे ऐतिहासिक बता रहे हैं। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने जैसे ही विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखा रवाना किया लोग खुशी से झूम उठे। ढोल नगाड़े बजने लगे।...

रेल राज्यमंत्री ने किया महाराजगंज-मशरक रेलखंड का उद्घाटन
महाराजगंज। संवाद सूत्रMon, 22 Oct 2018 10:05 AM
ऐप पर पढ़ें

महाराजगंज में रेल सेवा चालू होने के बाद लोग इसे ऐतिहासिक बता रहे हैं। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने जैसे ही विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखा रवाना किया लोग खुशी से झूम उठे। ढोल नगाड़े बजने लगे। महाराजगंज से मशरक जा रही दुल्हन की तरह सजी स्पेशल ट्रेन को देखने के लिए लोग ट्रैक के दोनों ओर खड़े थे। लोग दोनों हाथ हवा में लहराकर अभिवादन कर रहे थे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर छा गई। ट्रेन के उद्घाटन के बाद दीवाली के पूर्व एक दीवाली देखने को मिली। लोगों का मानना था कि महाराजगंज के लिए सही मायने में आज ही दीवाली है। इससे बड़ा कोई त्योहार व जश्न नहीं हो सकता है। आजादी के बाद दूसरी बार महाराजगंज के लोग एक नई आजादी महसूस कर रहे हैं। रेल सेवा चालू होते ही लोगों ने कहा महाराजगंज में नया सवेरा हुआ है। वर्षों से उपेक्षित महाराजगंज विकास की रेल पर सवार हो गया है। जरूरत है इसे गति प्रदान करने की। ताकि महाराजगंज अपनी खोई विरासत को हासिल कर सके। ताकि गंज में महाराजगंज की सुनी कहानी चरितार्थ हो सके।

रेलवे मानचित्र पर महाराजगंज का नाम अंकित
महाराजगंज-मशरक रेलखंड के उद्घाटन के साथ मशरक को जंक्शन का दर्जा मिल गया। वही महाराजगंज व मशरक के बीच के हाल्ट रेलवे मानचित्र के पटल पर अंकित हो गए। रेलवे से महाराजगंज का स्टेशन कोड एमजीजेड, विशुनपुर महुआरी को बीएचएनएमएच, सरहरी को एसआरएचआरआई, बड़का गांव को आरएटीएलआई, बसंतपुर को एमएलएमएलए, सागर सुल्तानपुर को एसजीएसएलटी कोड दिया गया है। भविष्य में लोग इसी कोड से इन हाल्ट या स्टेशनों को जानेंगे।
 
भावनाओं से ऊपर उठ लोगों ने किया स्वागत
महाराजगंज-मशरक रेल परियोजना के चालू होने के बाद लोगों ने भावनाओं से ऊपर उठकर स्वागत किया है। अनुमंडलीय अधिवक्ता संघ के सचिव दिनेश प्रसाद सिंह, वृजकिशोर जायसवाल, राकेश कुमार गुप्ता, मयंकेश्वर प्रसाद मुन्ना, विनोद वर्णवाल, राजनाथ प्रसाद मुन्ना, प्रो. सुबोध कुमार सिंह, प्रो. मानवेन्द्र कुमार अभय, पतिराम सिंह, दिलीप भारती, बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ जिला इकाई के प्रवक्ता कुमार राजकपूर टीपू ने इस ऐतिहासिक कदम का स्वागत किया है। बताया कि इससे महाराजगंज के विकास में चार चांद लग जायेगा।

रेलमंत्री ने दिया लाखों लोगों को नायाब तोहफा
महाराजगंज-मशरक रेल परियोजना के उद्घाटन के साथ ही रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने लाखों लोगों को नायाब तोहफा दिया है। इस रेल परियोजना के चालू हो जाने से लाखों लोगों को लाभ होगा। मशरक छपरा-थावे रेलखंड पर है। जबकि दरौंदा छपरा-सीवान रेलखंड पर है। दरौंदा से सीवान व महाराजगंज के बीच ट्रेन का परिचालन होता है। मिली जानकारी के अनुसार उद्घाटन के बाद छपरा से मशरक-महाराजगंज-ददरौंदा-सीवान होते हुए लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जायेगा। जिसके बाद छपरा-मशरक-महाराजगंज-दरौंदा-छपरा के बीच प्रस्तावित रिंग रेल सर्विस भी शुरू हो जायेगी। इससे बड़ी आबादी को आवागमन के लिए रेल सेवा की सुविधा मिलने लगेगी। महाराजगंज मशरक रेलखंड पर ट्रेन परिचालन शुरू हो जाने से महाराजगंज के साथ ही बसंतपुर, भगवानपुर व लकड़ी नबीगंज सहित इसके आसपास के इलाके के लोगों को आजादी के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र से ट्रेन से सफर करने का मौका मिलेगा।

रेलमंत्री का हुआ स्वागत
दरौंदा से सड़क मार्ग से महाराजगंज आने के क्रम में रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का जोरदार स्वागत हुआ। गाजे बाजे के लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। मंत्री का काफिला जहां से गुजरा लोगों ने उनका स्वागत राजा की तरह किया। शहर में पहुंचने पर उनके कारकेड पर फूल बरसाए गए। सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल व विधायक हेम नारायण साह ने उनकी आगवानी की। मंत्री के स्वागत को ले पूरा शहर तोरण द्वार से पट गया था।

चार प्रखंड पड़ेंगे रेलमार्ग पर
महाराजगंज-मशरक रेल मार्ग पर महाराजगंज व मशरक के साथ ही भगवानपुर, बसंतपुर व लकड़ी नबीगंज प्रखंड पड़ेंगे। 36 किलोमीटर लंबी रेल लाइन 41 गांवों से होकर गुजरी है। प्रखंड की जनसंख्या के हिसाब से तकरीबन पांच लाख से अधिक लोगों को इससे लाभ होगा। स्टेशनों के सबसे कम 4 किलोमीटर की दूरी महाराजगंज व बिशुनपुर महुआरी की है। जबकि सबसे अधिक दूरी 11 किलोमीटर सागर सुल्तानपुर व मशरक के बीच है।

ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल राज्यमंत्री से की गई मांग
महाराजगंज-मशरक रेल लाइन के उद्घाटन के लिए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के महाराजगंज आगमन के दौरान रविवार को दरौंदा में माला पहनाकर स्वागत किया गया। भाजपा नेता जितेन्द्र स्वामी ने रेल राज्यमंत्री को चादर भेंटकर स्वागत किया। विधायक कविता कुमारी ने बुके देकर स्वागत किया। रेल राज्यमंत्री से दरौंदा में विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई। दरौंदा विधायक कविता कुमारी ने रेल राज्यमंत्री को मांगपत्र देकर शहीद, छपरा-मथुरा, अवध-आसाम व पाटलिपुत्रा एक्सप्रेस के दरौंदा में ठहराव की मांग की। भाजपा नेता जितेन्द्र स्वामी के नेतृत्व में रेल राज्यमंत्री को दिए मांगपत्र में पाटलिपुत्रा, अवध-आसाम, आम्रपाली, छपरा-मथुरा के ठहराव के अतिरिक्त छपरा, दरौंदा, महाराजगंज पैसेंजर ट्रेन को चालू रखने व यात्री शेड का विस्तार करने की मांग की। उन्होंने महाराजगंज में ट्रेन धुलाई की व्यवस्था की भी मांग की। रेल राज्यमंत्री की स्पेशल ट्रेन 4.55 बजे दरौंदा पहुंची। रेल राज्यमंत्री के स्वागत में भाजपा नेता जितेन्द्र स्वामी, विधायक कविता कुमारी, जदयू नेता अजय सिंह, डीआरएम एसके झा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम जैनेन्द्र कुमार सिंह, एसडीओ मंजीत कुमार, एसडीपीओ संजय कुमार, वीरेन्द्र शर्मा, बुलू सिंह, वृजनन्दन सिंह, विजय प्रसाद वर्मा थे। स्वागत के बाद रेल राज्यमंत्री सड़क मार्ग से महाराजगंज के लिए रवाना हुए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें