महाराजगंज के देवरिया पंचायत में नल-जल योजना ठप

Newswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

महाराजगंज प्रखंड के देवरिया पंचायत में नल-जल योजना बदहाल स्थिति में है। वार्ड नंबर 6 और 4 के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड प्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण सरकारी योजना शोपीस बनकर रह गई है। ग्रामीण प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

 महाराजगंज के देवरिया पंचायत में नल-जल योजना ठप

महाराजगंज, एक प्रतिनिधि। एक तरफ सरकार हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर महाराजगंज प्रखंड के देवरिया पंचायत में नल-जल योजना बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है। भीषण गर्मी के बीच पंचायत के वार्ड नंबर 6 और 4 के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।

स्थानीय लोगों की शिकायतें

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड प्रतिनिधियों की लापरवाही और आपसी राजनीति के कारण सरकारी योजना पूरी तरह शोपीस बनकर रह गई है। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड नंबर 6 में महीनों से नल-जल योजना बंद पड़ी है। लोगों ने कई बार विभागीय जेई से लेकर सरकारी टोल-फ्री नंबर तक शिकायत दर्ज कराई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। शिकायत के बाद कुछ घंटों के लिए पानी की सप्लाई चालू हुई, फिर व्यवस्था दोबारा ठप हो गई।

पानी की व्यवस्था में बाधाएं

ग्रामीणों ने बताया कि योजना के तहत अब तक कई बार मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार और टीन शेड बदले जा चुके हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। लोगों का आरोप है कि केवल खानापूर्ति की जा रही है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही। भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराने से महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों को दूर-दराज के चापाकलों और निजी स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।

राजनीतिक विवाद

वार्ड नंबर 4 के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले पंचायत चुनाव में अनिला देवी वार्ड सदस्य चुनी गई थीं। उसी दौरान उनकी जमीन पर बोरिंग कराकर नल-जल योजना शुरू की गई थी। लेकिन अगले चुनाव में उर्मिला देवी के वार्ड सदस्य बनने के बाद से योजना बंद पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना की चाबी अब भी पूर्व वार्ड सदस्य अनिला देवी के पास है। चाबी हस्तांतरित नहीं होने के कारण योजना का संचालन बाधित है और पूरे इलाके के लोग वर्षों से योजना के लाभ से वंचित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर योजना को नियमित रूप से चालू कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो गर्मी में स्थिति और भयावह हो सकती है। साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की भी मांग की गई है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

क्या कहते हैं बीडीओ इस संबंध में महाराजगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी बिंदु कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्न और उत्तर

ग्रामीणों को पानी लाने में कौन सी समस्याएं आ रही हैं?
ग्रामीणों को दूर-दराज के चापाकलों और निजी स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।