
महाराजगंज सब्जी बाजार में अतिक्रमण हटाने की मांग तेज
महाराजगंज में सब्जी बाजार में अतिक्रमण हटाने की मांग तेज हो गई है। विक्रेताओं का कहना है कि अतिक्रमण के कारण बाजार में ठेला और छोटे वाहन नहीं पहुँच पाते हैं। इससे ग्राहकों को भी परेशानी होती है। प्रशासन से अपील की गई है कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
महाराजगंज, एक संवाददाता। नगर में इन दिनों प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद अब इसी कड़ी में शहर के सब्जी बाजार से भी अतिक्रमण हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बाजार के प्रमुख सब्जी विक्रेता शिव बच्चन महतो, उमेश ठाकुर, उमेश प्रसाद, सत्येन्द्र प्रसाद, देवेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार, संदीप कुमार, संतोष कुमार सहित कई दुकानदारों ने स्थानीय प्रशासन से सब्जी मार्केट में स्थायी रूप से जगह घेर कर बैठे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विक्रेताओं का कहना है कि मुख्य सड़क से सब्जी बाजार में प्रवेश के लिए निर्धारित रास्ते तो मौजूद हैं, लेकिन आसपास के कुछ लोगों द्वारा मनमाने ढंग से अतिक्रमण कर लेने से बाजार में ठेला, रिक्शा या छोटे वाहन तक नहीं पहुंच पाते।
इससे न केवल सब्जी बेचने वाले परेशान हैं, बल्कि खरीदारों को भी बाजार में प्रवेश करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। स्थानीय लोग बताते हैं कि बाजार क्षेत्र हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है। ऐसे में सड़क किनारे अतिक्रमण होने से पैदल चलने वालों को भी परेशानी बढ़ जाती है। उमाशंकर प्रसाद उच्च विद्यालय के समीप तो स्थिति और भी बदतर है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रोजाना जाम और भीड़ का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहनों के बीच फंसने जैसी स्थिति बन जाती है। बाजार के लोगों का कहना है कि जब दो वाहन आमने-सामने गुजरते हैं, तो सड़क की संकरी हालत के कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन जाती है। दुकानदारों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द सब्जी बाजार में विशेष अभियान चलाकर सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाए, ताकि बाजार में सुचारू रूप से आवागमन बहाल हो सके और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिले।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




