30 वर्ष बाद केन्द्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित
महाराजगंज के टेघड़ा पंचायत में 6 एकड़ भूमि केंद्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई है। 30 साल के संघर्ष के बाद, प्राचार्य को जमीन का कागजात सौंपा गया। अब विद्यालय भवन का निर्माण शीघ्र शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी है।

महाराजगंज, संवाद सूत्र। प्रखंड की टेघड़ा पंचायत के टेघड़ा गांव में 6 एकड़ भूमि महाराजगंज केन्द्रीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिए उपलब्ध करा दी गई है। 30 साल के संघर्ष के बाद आवंटित जमीन पर नया भवन बनेगा। मंगलवार को निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्रार लखन कुमार, सीओ जितेन्द्र कुमार व बीपीआरओ आकाश कुमार मिंज ने केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य हेमंत कुमार को जमीन का कागजात सौंपा। सीओ जितेन्द्र कुमार ने बताया कि टेघड़ा पंचायत में 6 एकड़ सरकारी भूमि की पूरी तरह मापी कर सारी कागजी कार्रवाई पूरी कर प्राचार्य को कागजात सौंपा गया। सीओ ने बताया कि अब उक्त जमीन में विद्यालय भवन का निर्माण शीघ्र शुरू किया जायेगा।
ज्ञात हो कि केंद्रीय विद्यालय पूरी तरह से बंद हो गया था। लेकिन स्थानीय भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के प्रयास से 30 जून 2025 को गोरख सिंह महाविद्यालय में जिला पदाधिकारी डा आदित्य प्रकाश, केन्द्रीय विद्यालय समिति पटना संभाग के उपायुक्त अनुराग भट नागर की उपस्थिति में विधिवत उद्धघाटन किया था। उसके बाद उसमें नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। पठन पाठन का कार्य गोरख सिंह महाविद्यालय के एक भाग में होता है। अब जमीन मिलते ही क्षेत्र के लोगों में भी खुशी देखी जा रही है। केन्द्रीय विद्यालय के जमीन के लिए 30 वर्षों से संघर्ष हो रहा था। जो अब पुरा होते दिख रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


