Hindi NewsBihar NewsSiwan NewsLocal Protest Against Truck Accident on NH 331 Due to Poor Road Conditions
दुकान में अनियंत्रित ट्रक घुसा,  मकान- दुकान टूटे , प्रदर्शन

दुकान में अनियंत्रित ट्रक घुसा, मकान- दुकान टूटे , प्रदर्शन

संक्षेप:

भगवानपुर हाट में स्थानीय लोगों ने शनिवार को एनएच 331 को जाम कर प्रदर्शन किया। एक अनियंत्रित ट्रक ने दुकानों और मकान को नुकसान पहुँचाया। लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति और अधूरा नाला निर्माण...

Sep 14, 2025 11:06 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share Share
Follow Us on

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। भगवानपुर पुराना बाजार के पास शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान में ट्रक घुसने से हुए नुकसान को लेकर एनएच 331 को जाम कर प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टूटी सड़क के पास शुक्रवार की रात के करीब 2 बजे बड़ी गाड़ी अनियंत्रित होकर बगल के दो दुकानों व एक मकान को रौंद डाला। इससे रात में अचानक तेज आवाज को सुनकर जबतक आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे तब तक ड्राइवर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए छपरा की तरफ भाग निकला। हालांकि लोगों ने बाइक से करीब दस किलोमीटर तक पीछा किया लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

तेज रफ्तार ट्रक ने तारकेश्वर प्रसाद के लिट्टी - चप दुकान, सम्पत प्रसाद के किराना दुकान, दुकान के आगे खड़ी छोटी पिकअप गाड़ी व अर्जुन साह के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक के धक्के से बिजली व टेलीफोन के पोल उखड़कर गिर पड़े हैं। गनीमत यह रही कि घर व दुकान में सोए लोग बाल - बाल बच गए, किसी आदमी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन, कुल मिलाकर करीब पांच लाख रूपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। इस घटना के विरोध में शनिवार की सुबह होते हीं स्थानीय लोग एनएच 331 पर हादसे में उखड़कर गिरे लोहे के पोल को सड़क पर रखकर जाम कर प्रदर्शन करने लगे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। वहीं लोगों ने टायर जलाकर विरोध जताया। लोगों का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर प्रशासनिक लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे करीब चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जाम की वजह से हाईवे पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई और यात्री परेशान हो गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा- बुझाकर शांत कराया, तब जाकर करीब चार घंटे बाद आवागमन शुरू हुआ। प्रदर्शन करने वालों में वीरेन्द्र सोनी, सम्पत प्रसाद, तारकेश्वर प्रसाद, प्रमोद प्रसाद, डॉ. रमाशंकर प्रसाद, ईश्वर प्रसाद, आमिर हुसैन, कुणाल कुमार, विक्की कुमार, अंशु कुशवाहा, राहुल कुमार, अंकुश कुमार व अन्य लोग शामिल थे। घटना के लिए सड़क टूटकर बने गड्ढे को जिम्मेदार मान रहे लोग भगवानपुर पुराना बाजार के पास शुक्रवार की रात अनियंत्रित बड़े ट्रक(लॉरी) के अनियंत्रित होकर दुकान में घुसने की घटना के लिए स्थानीय लोग सड़क के टूटकर बने गड्ढे को जिम्मेदार मान रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बने नाला का निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा अधूरा छोड़ दिए जाने से सड़क पर जलजमाव होने से सड़क टूटकर गड्ढा बन गया है। इससे करीब छह महीने से यह स्थिति बनी हुई है। इस दौरान कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं और कई घायलों की मौत भी हो चुकी है। यहां पर हर रोज छोटी - बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। करीब डेढ़ महीने पहले भी सड़क के गड्ढे में ई - रिक्शा के पलटने से दो बच्चों के घायल होने से नाराज होकर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। इस घटना के समय एनएच के मुख्य अभियंता कार्यालय पटना की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बहुत जल्द जलजमाव और सड़क की हालत में सुधार किया जाएगा। ये बात कहकर गए अधिकारी आज तक नहीं आए। इससे नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सड़क की मरम्मत और नाले से जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वे लोग आंदोलन को तेज करेंगे। इस मामले में एनएच के सहायक अभियंता अजीत कुमार ने बताया कि इसका एस्टीमेट बनाकर मंत्रालय से स्वीकृति के लिए करीब दो महीना पहले भेजा गया है। विभाग से एस्टीमेट की स्वीकृति मिलने पर इसका टेंडर निकाल कर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्काल गड्ढे को फिर से भरने की व्यवस्था की जा रही है।