Siwan News दरौली: स्वर्ण व्यवसाई हत्या मामले में आरोपी के निशानदेही पर छापेमारी
Siwan News दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार में आभूषण दुकानदार की लूट के दौरान चाकू गोदकर हत्या हो गई। पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। आक्रोशित दुकानदारों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा। एसपी ने बाजार में सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Siwan News दरौली/ गुठनी, एक संवाददाता। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार में आभूषण दुकानदार की लूट के दौरान चाकू गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद दुकानदारों में भारी आक्रोश है। घटना में शामिल दो आरोपियों को दुकानदारों ने मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। चार थाना क्षेत्रों में पुलिस की दबिश से संदिग्धों और उनके सहयोगियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच के लिए गठित टीम लगातार संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
दुकानदारों ने आरोपित को पकड़कर की थी धुनाई
घटना के बाद मौके पर मौजूद दुकानदारों और ग्रामीणों ने भाग रहे दो संदिग्धों को पकड़ लिया था। आक्रोशित लोगों ने उनकी जमकर धुनाई भी की। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद पुलिस को उनसे मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। दुकानदारों और ग्रामीणों ने घटना का विरोध करते हुए बाजार में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
एसपी ने किया था घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी भारत सोनी ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक दुकानदार के परिजनों से मुलाकात की थी। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही बाजार के दुकानदारों से भी बातचीत की। दुकानदारों ने एसपी से बाजार में पुलिस सुरक्षा मजबूत करने और स्थायी पुलिस पिकेट बनाने की मांग की थी। एसपी के निर्देश पर बाजार में चार पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही पुलिस पिकेट के लिए चार जवानों और एक अधिकारी की तैनाती की प्रक्रिया शुरू की गई है। एसपी ने एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता को जल्द पिकेट में पुलिसकर्मियों और अधिकारी की नियुक्ति का निर्देश दिया है। सीओ और मुखिया से पुलिसकर्मियों व अधिकारी के लिए स्थायी आवास की व्यवस्था कराने की पहल करने को भी कहा गया है।
घटना के कारणों की भी जांच
एसपी ने बताया कि घटना में संलिप्त चार और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और घटना के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने मृतक के परिजनों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया था।
क्या कहते हैं एसडीपीओ
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामले में गठित पुलिस टीम लगातार विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है। अब तक छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


