जदयू के कार्यकर्ताओं को बूथ स्तरीय जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक
महाराजगंज में जदयू ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची में सुधार के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की जांच करने और योग्य मतदाताओं...

महाराजगंज, एक संवाददाता। जदयू कीओर से महाराजगंज विधानसभा क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मतदाता सूची में सुधार के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को कसदेवरा बंगरा गांव में किया गया। अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. अयूब ने की, जबकि मंच संचालन लक्षणदेव पटेल ने किया।कार्यक्रम में बीएलए-2, प्रखंड व पंचायत कार्यकारिणी सदस्य, पंचायत अध्यक्ष, बूथ कमिटी पदाधिकारी और समर्पित कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री एवं जिला समन्वयक अजीत चौधरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर सूची की गहन जांच करें और अगर किसी योग्य व्यक्ति का नाम छूटा हो तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराएं। पूर्व विधायक सत्यदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और मतदाता सूची के सुधार में उनकी सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यह चुनावी संगठन को परखने का समय है और यदि सही तरीके से काम किया जाए तो जदयू बूथ स्तर तक मजबूत बनेगा और जनता का विश्वास भी कायम रहेगा। पूर्व विधायक हेमनारायण साह ने कार्यक्रम के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य आगामी चुनावों से पहले हर बूथ पर मतदाता सूची का गहन सत्यापन कर त्रुटियों को सुधारना और संगठन को सक्रिय बनाना है। वहीं, जिला संगठन प्रभारी प्रमोद पटेल ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए संकल्पित है। साथ ही सभी बीएलए-2 को निष्ठापूर्वक अपने दायित्वों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान दिग्विजय सिंह कुशवाहा, दिलीप सिंह, राकेश श्रीवास्तव, विनय सिंह, सुनिल सिंह, आदि जदयू के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




