जदयू जिलाध्यक्ष पद का निर्णय लेने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री अधिकृत
सीवान में जदयू के जिलाध्यक्ष चुनाव में काफी हलचल रही। आम सहमति नहीं बनने पर 27 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सभी के बीच सहमति नहीं बनने पर चुनाव स्थगित कर दिया गया। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में जदयू के सांगठनिक चुनाव के क्रम में जिलाध्यक्ष के चुनाव को लेकर काफी गहमागहमी रही। जिला परिषद के सभागार में जदयू जिलाध्यक्ष पद का चुनाव रविवार को हुआ। हालांकि अध्यक्ष पद के लिए आम सहमति नहीं बन पाने के कारण नामांकन की प्रक्रिया अपनाई गई। यहां भी एक से अधिक नामांकन होने की स्थिति में एक बार फिर आम सहमति बनाने का प्रयास किया गया, जो कि पूरी तरह विफल साबित हुआ। लिहाजा इस स्थिति में सीवान जिला में जदयू जिलाध्यक्ष पद के लिए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री को निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया गया।
बहरहाल, जिला परिषद के सभागार में जदयू जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 11 बजे से शुरू हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी उमेश ठाकुर की अध्यक्षता व जिला पर्यवेक्षक प्रो. अरुण कुमार सिंह की देख रेख में चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरीय नेता व रघुनाथपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विकास कुमार सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष चन्द्रकेतु सिंह, मुख्य प्रवक्ता निकेश चन्द्र तिवारी, जिला प्रवक्ता सुनील कुमार, मुर्तुजा अली पैगाम, लालबाबू प्रसाद, डॉ. अमित कुमार, डॉ. सीबी मिश्रा समेत 27 प्रत्याशियों ने अपना-अपना नामांकन किया। अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक नामांकन होने से पर्यवेक्षक की अनुमति से जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नामांकन करने वाले सभी 27 प्रत्याशियों को आपस में बात-चीत कर आम सहमति से किसी एक नाम को अध्यक्ष पद के लिए फाइनल किए जाने की बात कही। इसके बाद भी बहुत देर तक सभी प्रत्याशी आपस में बातचीत कर किसी एक नाम पर सर्वसहमति नहीं बना सके। ऐसे में चुनाव को स्थगित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीवान जिला जदयू जिलाध्यक्ष पद के लिए अंतिम रूप से निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया गया। लिजाजा अब प्रदेश नेतृत्व तय करेगा कि यहां जदयू का अगला जिलाध्यक्ष कौन होगा। मौके पर विधायक हेमनारायण साह, इंद्रदेव सिंह पटेल व भीष्म प्रताप सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री विक्रम कुंवर आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



