Siwan News विभागीय कार्यों के नाम पर पिछले छह माह में किये गये भुगतानों की हो जांच
Siwan News सीवान नगर परिषद में पिछले छह माह में किये गये भुगतानों की जांच की मांग उठी है। चेयरमैन सेम्पी देवी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। जांच में सभी भुगतान दस्तावेजों की जांच करने और भुगतान पर रोक लगाने की बात शामिल है।

Siwan News सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर परिषद में विभागीय कार्यों के नाम पर पिछले छह माह में किये गये भुगतानों को लेकर अब जांच-पड़ताल की मांग उठने लगी है। इसी के तहत चेयममैन सेम्पी देवी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेज किए गए भुगतानों की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जांच का विवरण
उन्होंने पिछले छह माह में किये गये सभी विभागीय भुगतानों की योजना व काम के अनुसार जांच कराने की मांग की है। वहीं, जिन कार्यों के लिए भुगतान किया गया, उनके लिए स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मंजूरी, कार्यादेश, मापी पुस्तिका, काम पूरा होने का प्रमाण, गुणवत्ता जांच, बिल-वाउचर और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गयी थी या नहीं, इसकी भी जानकारी मांगी है।
भुगतान पर रोक
साथ ही, जांच पूरी होने तक विभागीय कार्यों के नाम पर होने वाले भुगतानों पर रोक लगाने की बात कही है। चेयरमैन ने भेजे गए पत्र में इस बात को रखा है कि सार्वजनिक राशि से जुड़े मामलों में पूरी प्रक्रिया व दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे भुगतान करना चाहिए।
जांच टीम का उल्लेख
चेयरमैन ने तत्कालीन डीएम द्वारा नगर परिषद के विभागीय कार्यों की जांच के लिए गठित जांच टीम का भी उल्लेख किया है, उनके अनुसार, जांच टीम ने कुछ स्थानों का निरीक्षण किया था। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जांच केवल स्थल निरीक्षण तक सीमित रही थी या प्रत्येक योजना से जुड़े तकनीकी व वित्तीय कागजात की भी जांच की गयी थी।
अनियमितताओं की आशंका
यदि जांच पूरी हुई थी तो उसका विस्तृत प्रतिवेदन डीएम को सौंपा गया या नहीं, इसकी भी जांच होनी चाहिए। साथ ही, स्वीकृत प्राक्कलन व मौके पर हुए काम में अंतर, काम पूरा होने से पहले भुगतान, अमानक निर्माण, एक ही काम के नाम पर दोबारा भुगतान, गलत मापी अथवा अन्य वित्तीय अनियमितता की आशंका वाले मामलों की जांच कराने की मांग की है.


