नारी का सम्मान समाज में करता है सकारात्मकता का संचार
Mar 09, 2026 04:09 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
सीवान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम विवेक रंजन ने नारी सशक्तीकरण के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मेधा यादव ने नारी के सम्मान पर जोर दिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। आंबेडकर भवन के संवाद कक्ष में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया। मौके पर आधी आबारी को सम्मानित करते हुए समाज में उनके योगदानों की चर्चा की गई। कार्यक्रम का आयोजन कला, संस्कृति विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि नारी सशक्तीकरण के लिए जिला प्रशासन सदैव प्रयासरत है। जिले में केन्द्र व राज्य सरकार की नारी सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं को संजीदगी से क्रियान्वित किया जा रहा हैं। डीएम ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया। मुख्य अतिथि व गोपालगंज वन प्रमंडल अधिकारी मेधा यादव ने कहा कि प्रकृति व नारी दोनों ही सृजन का आधार रही है। नारी का सम्मान समाज में सकारात्मकता का संचार करता है। उन्होंने कहा कि उनके गांव में लड़कियों के पढ़ने की अच्छी व्यवस्था नहीं थी लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति व कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने अपने सपने को साकार किया। उन्होंने कहा कि आज नारी को सहानभूति की नहीं जागरूक व आत्मनिर्भर होने की आवश्यकता है। इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केक काटकर आधी आबादी को इस खास दिन की मुबारकबाद दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्थापना उपसमाहर्ता जूली कुमारी ने अंगवस्त्र व पौधा देकर अतिथियों का स्वागत किया। राजवंशी देवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने संगीत शिक्षक तेजनाथ यादव के नेतृत्व में स्वागत गीत व लोक गीत भी प्रस्तुत किया। मंच संचालन शिक्षिका वीनस दीक्षित व धन्यवाद ज्ञापन स्थापना उप समाहर्ता जूली कुमारी ने किया। एसपी पूरन कुमार झा, डीडीसी मुकेश कुमार, पीजीआरओ इस्तियाक अली, सिविल सर्जन श्रीनिवास यादव व अनुमंडल पदाधिकारी महाराजगंज अनीता सिन्हा, डीईओ राघवेन्द्र प्रताप सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण उप निदेशक उपेन्द्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय झा समेत काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर आधी आबादी का सम्मान जिला प्रशासन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्र की महिलाओं को सम्मानित करने का कार्य किया गया। साथ ही उनके कार्यों की सराहना की गई। डीएम विवेक रंजन मैत्रेय व एसपी पूरन कुमार झा ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में डीपीओ आईसीडीएस तरणि कुमारी, महाराजगंज एसडीएम अनीता सिन्हा, स्थापना उप समाहर्ता जूली कुमारी, जिला सामान्य शाखा प्रभारी शालू कुमारी, सीओ लकड़ी नवीगंज कुमारी नेहा, बीडीओ नौतन अंजली कुमारी, बीपीआरओ राजनंदिनी साह, डॉ. रीता सिन्हा, डॉ. सविता कुमारी, पिंकी कुमारी, मुखिया संध्या देवी, आशिता गुप्ता, दुर्गा कुमारी, प्रिया कुमारी, अंकिता शर्मा, नीतू कुमारी, काजल कुमारी व लक्की कुमारी आदि शामिल थीं।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


