सफाई कर्मियों की अनिश्चतकालीन हड़ताल से पंद्रह वार्डो में पसरी गंदगी
सीवान में नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने चार महीने से वेतन न मिलने और ईपीएफ व ईएसआईसी की राशि न भेजे जाने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। इससे वार्ड 23 से 37 में कचरे का अंबार लग गया है।...

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। नगर परिषद के सफाई कर्मियों समेत अन्य कर्मियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिलने, ईएसआईसी, ईपीएफ की राशि कटौती किए जाने के बाद भी कर्मियों के खाते में नहीं भेजने से अक्रोशित नगर परिषद कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। इस कारण से शहर के वार्ड 23 से 37 जहां की सफाई नगर परिषद के सफाई कर्मी करते हैं, वहां कचरे का अंबार लग गया है। कचरे के ढेर और बदबू से लोगों का हाल बुरा है। बताया जा रहा कि दो दिनों में करीब 100 टन कचरा 15 वार्डो व आसपास की सड़कों पर लग गया है। वहीं, घर के सामने कचरे का ढेर लगने से शुक्लटोली समेत हड़ताल से प्रभावित कई वार्डो में लोगों ने खुद से झाड़ू उठा सफाई की। इधर, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए नगर परिषद के सफाई कर्मियों समेत अन्य कर्मियों ने धरना प्रदर्शन करते हुए अपने हक की आवाज बुलंद की। शहर के जेपी चौक पर बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ ऐक्टू के बैनर तले धरना प्रदर्शन किया।सीवान राज्य सचिव अमित कुमार गोंड के नेतृत्व में कर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल का दूसरा दिन भी जारी रहा। अमित कुमार ने बताया कि कर्मी अपना 4 माह का वेतन , ईपीएफ, ईएसआईसी का पैसा और रिटायरमेंट का बकाया अंतर वेतन और सातवां वेतन मान सालों से नहीं दिया जा रहा है। कर्मचारियों के परिवार में भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्हें दुकानदार बाकी राशन नहीं दे रहे हैं। नगर परिषद की चेयरमैन को कर्मियों की समस्या से कोई लेना देना नहीं है। जबतक मांगे पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगी। कर्मियों के हड़ताल के समर्थन में नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता, वार्ड पार्षद जयप्रकाश गुप्ता, पार्षद पति चंदन चौरसिया, अमित कुमार, अर्जुन गुप्ता, मोनू सिंह, पार्षद पुत्र बादल ब्याहुत आदि आगे आए हैं। मुख्य पार्षद व ईओ की उदासीनता से नहीं मिल रहा वेतन सफाई कर्मियों की हड़ताल से पंद्रह वार्डों की सफाई भगवान भरोसे है। अनिश्चितकालीन हड़ताल पर करीब 300 कर्मी शामिल हैं, जिसमें से 220 सिर्फ सफाई कर्मी शामिल हैं। कर्मियों का कहना है कि मुख्य पार्षद व ईओ की उदासीनता से चार माह से वेतन नहीं मिल रहा है। अमित कुमार ने बताया कि नगर परिषद् के कर्मियों का ईपीएफ, ईएसआईसी का पैसा उनके खाते में न भेज उसका ठेकेदारो को चेक काट दिया गया। सेवानिवृत कर्मियों का आज 2 साल से बकाया अंतर वेतन नहीं दिया गया। आज चौथा माह होने जा रहा है लेकिन कर्मियों को उनका वेतन नहीं मिला। इससे कर्मचारी प उनका परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। नगर परिषद की चेयरमैन कार्यपालक पदाधिकारी को कर्मियों के मरने जीने से कोई मतलब नहीं है। इससे कर्मियों के अंदर काफी रोष है, मांगे पूरी नहीं होने तक व वेतन नहीं मिलने तक हड़ताल पर ही रहेंगे। इसकी सारी जवाबदेही नगर परिषद प्रशासन की है। राशि कटौती कर नहीं भेजी गयी कर्मियों के खाते में ईएसआईसी, ईपीएफ की राशि की कटौती कर ली गयी लेकिन कर्मियों के खाते में उसकी राशि नहीं भेजी गयी। यही नहीं दो साल से सेवानिवृत कर्मियों का अंतर वेतन नहीं दिया गया है। करीब 50 लाख रुपये इस मद में राशि बकाया है। कर्मियों ने आरोप लगाया कि कमिश्न के चक्कर में दो सौ अरब राशि नप के खाते में आयी जिसे ठेकेदरों में बांट दिया गया। पीएल एकाउंट में सिर्फ कर्मियों के वेतन के लिए राशि आती है, लेकिन उसमें से भी दस करोड़ रुपये का चेक ठेकेदारों के लिए काट दिया गया जो कहीं से भी नियम संगत नहीं है। बार-बार कहने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। दो सौ अरब रुपये का कार्य विभागीय हुआ जबकि यह नियम संगत नहीं है। टेंडर देकर कार्य होना चाहिए लेकिन अधिक से अधिक कमीशन उगाही के लिए नियम को ताक पर रख दिया गया। नियम है कि विशेष परिस्थिति में ही विभागीय कार्य कराना है। उप मुख्य पार्षद समेत कई पार्षद आए समर्थन में नगर परिषद की उप मुख्य पार्षद किरण गुप्ता व वार्ड पार्षद अर्चना देवी, वार्ड पार्षद आलेाक कुमार समेत अन्य पार्षद सफाई कर्मियों व नगर परिषद कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का समर्थन किए हैं। उप मुख्य पार्षद ने कहा कि वेतन नहीं देंगे तो कर्मी कब तक भूखे पेट काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जबतक इनका वेतन नहीं मिलता है, इनके साथ हम पूरी तरह से खड़े रहेंगे। उधर, नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 के पार्षद आलोक कुमार , वार्ड नंबर 29 के पार्षद अर्चना देवी ने भी नगर परिषद के कर्मचारियों के हड़ताल का समर्थन किया। उन्होंने कहा है कि इनकी मांग जायज है और इनका वेतन जल्द से जल्द दिया जाए। इनकी मांग को पूरी करके हड़ताल समाप्त कराना चाहिए। वार्ड पार्षद ने कहा कि अगर हड़ताल लंबी चली तो शहरवासियों को बहुत परेशानी हो सकती है। इनकी मांगों को पूरी नहीं की गई तो हम भी हड़ताल के समर्थन में सड़क पर उतरेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।