बड़हरिया में दो बाइक की आमने सामने टक्कर, दो लोग हुए घायल
बड़हरिया में नाबालिगों और नशे में बाइक चलाने के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में दो बाइक की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को अस्पताल भेजा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बड़हरिया, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में नाबालिगों एवं नशे की हालत में लहरिया कट और ओवरटेकिंग कर बाइक चलाने से सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। इसी क्रम में सोमवार को बड़हरिया-बरौली मुख्य मार्ग पर सुरहिया स्थित मजार शरीफ के समीप दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इंसानियत का परिचय देते हुए दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दोनों को सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र निवासी स्व. टीमल महतो के पुत्र सुबोध कुमार (35 वर्ष) तथा राकेश कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक थाना क्षेत्र के सिसवा गांव स्थित अपने मामा के घर किसी काम से गए थे और वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुरहिया गांव स्थित मजार शरीफ के पास बरौली की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
स्थानीय प्रशासन की प्रतिक्रिया
टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर अधिकांश युवक स्मैक व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर लहरिया कट शैली में बाइक चलाते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से वाहन जांच अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दुर्घटना के बाद एंबुलेंस काफी देर से पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अनियंत्रित वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


