
हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रभा प्रकाश डिग्री कॉलेज में भव्य मैच का आयोजन
रघुनाथपुर में हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रभा प्रकाश डिग्री कॉलेज के मैदान में मैच आयोजित किया गया। उद्घाटन पंजवार के मुखिया राकेश सिंह ने किया। मैरीकॉम स्पोर्ट्स अकादमी ने चार टीमों के साथ प्रतियोगिता का आयोजन किया। बालिकाओं की टीम ने सीवान को हराया, जबकि बालकों का मैच ड्रा रहा।
रघुनाथपुर, एक संवाददाता। हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रभा प्रकाश डिग्री कॉलेज पंजवार के मैदान में शुक्रवार को हॉकी मैच का आयोजन किया गया। मैरीकॉम स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से भव्य तरीके से हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्घाटन पंजवार के मुखिया राकेश सिंह ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मैरीकॉम स्पोर्ट्स अकादमी के सचिव संतोष सिंह ने बताया कि हॉकी खेल की गौरवशाली परंपरा और सौ वर्षों की उपलब्धियों को याद करते हुए यह आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में कुल चार टीमों ने भाग लिया, जिनमें दो बालिकाओं और दो बालकों की टीमें शामिल थीं।

बालिकाओं की टीम के पहले मुकाबले में मैरीकॉम स्पोर्ट्स अकादमी पंजवार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीवान हॉकी टीम को 2-1 के अंतर से पराजित किया। वहीं बालकों का रोमांचक मैच सरस्वती शिशु मंदिर टारी और डीएवी पब्लिक स्कूल पंजवार की टीमों के बीच खेला गया, जो कड़े मुकाबले के बाद ड्रा पर जाकर समाप्त हुआ। मैदान पर दर्शकों का उत्साह देखने लायक था। खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल से खेल भावना और टीम स्पिरिट का परिचय दिया। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे और आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर हॉकी को बढ़ावा देने का प्रयास जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




