तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से मां की मौत , बेटा जख्मी

Apr 06, 2026 01:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

बसंतपुर में एनएच-227ए पर तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से 56 वर्षीय शीला देवी की मौत हो गई और उनका बेटा घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम किया और चालक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से मां की मौत , बेटा जख्मी

बसंतपुर, एक संवाददाता। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुड़ा टेढ़िया मोड़ स्थित एनएच-227ए पर रविवार को तेज रफ्तार डंफर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर टायर जलाया, आगजनी की और मुख्य मार्ग को घंटों जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों के प्रदर्शन से एनएच-227ए पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में पहुंचाया जानकारी के अनुसार, सरेयां श्रीकांत वार्ड संख्या-1 रवीन्द्र शर्मा की पत्नी शीला देवी (56), अपने पुत्र अजय कुमार (22) के साथ स्कूटी से बसंतपुर आ रही थीं।

जैसे ही वे मुड़ा टेढ़िया मोड़ के पास पहुंचीं, पीछे से आ रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की तेज रफ्तार हाईवा डंफर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां-बेटे सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मां-बेटे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शीला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल अजय कुमार का इलाज किया गया। आगजनी कर चालक की गिरफ्तारी की मांग उठाई महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। डंफर चालक की गिरफ्तारी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने शीला देवी के शव को एनएच-227ए पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण मुख्य मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। कई छोटे-बड़े वाहन सड़क पर फंसे रहे और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के घर में कोहराम मच गया बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराया गया, तब जाकर जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार डंफर चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।