Siwan News सरयू नदी में मिट्टी का कटाव बना काल, गहरे पानी में डूबने से मजदूर मरा
Siwan News गुठनी के ग्यासपुर घाट पर बुधवार सुबह सरयू नदी में नहाने गए 40 वर्षीय सीताराम राजभर की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला, लेकिन पीएचसी में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सीताराम परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजनों के आवेदन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सरयू नदी में डूबने से युवक की मौत
Siwan News
गुठनी, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के ग्यासपुर घाट स्थित सरयू नदी में बुधवार की सुबह नहाने गए 40 वर्षीय सीताराम राजभर की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही घाट पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय मछुआरों, चरवाहों और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत कर उन्हें नदी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ग्यासपुर गांव निवासी रामसुनर राजभर के पुत्र सीताराम राजभर के रूप में हुई है। उनकी मौत से परिवार पर दु:ख का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, सीताराम परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी विमला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। बिना बताए नहाने गए थे सीताराम परिजनों के अनुसार, सीताराम बुधवार की सुबह किसी को बताए बिना सरयू नदी में नहाने चले गए थे। ग्यासपुर घाट पर नहाने के दौरान वह नदी के गहरे पानी में चले गए। इसी बीच नदी किनारे मिट्टी के कटाव और ढेर ढहने की बात भी सामने आई है। स्थानीय मछुआरों और चरवाहों के मुताबिक, नदी किनारे की मिट्टी अचानक खिसकने से सीताराम पानी में फंस गए। गहराई अधिक होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे। आवाज सुनकर नदी में कूदे ग्रामीण सीताराम को पानी में डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनते ही स्थानीय मछुआरे, चरवाहे और ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। देखते ही देखते घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने काफी देर तक उनकी तलाश की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर पीएचसी पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर संकट सीताराम की मौत की खबर गांव पहुंचते ही उनके घर पर ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पत्नी विमला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बताया कि सीताराम ही परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर सीओ डॉ. विकास कुमार, थानाध्यक्ष सुनील कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू राय और मुखिया श्रीनिवास गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें ग्यासपुर घाट पहुंचीं। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने सीताराम को नदी से बाहर निकाल लिया था। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

