युवक पर गोली चलाने के मामले में चार पर एफआईआर
भगवानपुर हाट में एक युवक पर दिनदहाड़े गोली चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। रोहित कुमार उर्फ मंधन ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी स्कॉर्पियो में छिपे थे। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और एफएसएल टीम ने जांच की। रोहित एक दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के भगवानपुर - सोंधानी मार्ग पर ग्रीन पार्क स्कूल के समीप गुरुवार को दिनदहाड़े एक बाइक सवार युवक पर हथियार से फायरिंग कर दी थी। लेकिन गनीमत यह रही अपराधियों की गोली युवक के बाइक के सीट और उसके हेलमेट में गोली लगी, जिससे वह बाल - बाल बच गया। इस मामले में पीड़ित युवक रामपुर खास गांव के तारकेश्वर राय के पुत्र रोहित कुमार उर्फ मंधन के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज किया गया है। इसमें उसने स्कॉर्पियो में घात लगाए बैठे बदमाशों पर जान मारने के नीयत से उसपर गोलियां चलाने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित रोहित कुमार उर्फ मंधन के आवेदन पर रामपुर बड़ा खास गांव के कमल किशोर ठाकुर, उसके पुत्र प्रदीप ठाकुर एवं दीपक ठाकुर तथा मशरक थाना क्षेत्र के ब्राहिमपुर गांव के बलिराम सिंह के पुत्र गोलू कुमार को नामजद आरोपित किया गया है। उसने अपने आवेदन में कहा है कि वह मशरक थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से अपने बहन के घर से अपने गांव बाइक से लौट रहा था, तभी पहले से हीं काला रंग के स्कॉर्पियो में घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसपर गोलियां चलाना शुरू कर दी। वह किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रहा। गोली चलने की घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंच जांच में जुट गई। वहीं थानाध्यक्ष की सूचना पर एफएसएल की टीम इस गोली कांड की जांच के लिए पहुंची। एफएसएल की टीम के आने पहले पुलिस ने घटनास्थल को चारों तरफ से घेर दिया था तथा कड़ा पहरा लगा दिया गया था ताकि वहां कोई भी आ - जा न सके। एफएसएल की टीम ने पहुंचकर बारीकी से घटनास्थल की जांच की तथा कुछ साक्ष्य को इकट्ठा कर अपने साथ ले गई। बताया जाता है कि पीड़ित युवक रोहित कुमार उर्फ मंधन एक दिन पहले बुधवार को हीं अपराधिक मामले में जमानत पर जेल से छूटकर आया है। जेल से आने के दूसरे दिन हीं यह घटना घट गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




