हुसैनगंज में डिग्री कॉलेज निर्माण की दिशा में पहल, एडीएम ने किया स्थल निरीक्षण
गोपालपुर में प्रशासन ने हुसैनगंज प्रखंड में डिग्री कॉलेज की कमी को पूरा करने के लिए पहल तेज की है। एडीएम इश्तियाक अहमद अंसारी ने प्रस्तावित कॉलेज स्थल का निरीक्षण किया और कहा कि सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करना है, ताकि ग्रामीण छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकें।

गोपालपुर, निज संवाददाता। हुसैनगंज प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से डिग्री कॉलेज की कमी को दूर करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज हो गई है। गुरुवार को एडीएम इश्तियाक अहमद अंसारी ने हुसैनगंज पहुंचकर एमएस हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज परिसर में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि की उपलब्धता, पहुंच मार्ग और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। एडीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करना है, ताकि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं मैट्रिक और इंटर के बाद उच्च शिक्षा से वंचित न रहें।
हुसैनगंज जैसे ऐतिहासिक प्रखंड, जिसने देश को पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद दिए, वहां आजादी के इतने वर्षों बाद भी डिग्री कॉलेज का न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। निरीक्षण के दौरान बीडीओ राहुल कुमार, सीओ दिव्य प्रकाश, बीईओ अरविंद कुमार समेत विद्यालय के कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शीघ्र ही आगे की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद जताई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



