गैस के लिए सड़क पर उतरे लोग, सिलेंडर रख एनएच जाम
बसंतपुर में रसोई गैस की कमी के चलते लोगों का सब्र टूट गया। उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी के सामने घंटों इंतजार करने के बाद सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हुई, लेकिन गैस की आपूर्ति में दो दिन की देरी की संभावना बताई गई।

बसंतपुर,एसं। रसोई गैस की किल्लत ने मंगलवार को बसंतपुर में आम लोगों का सब्र तोड़ दिया। चूल्हा जलाने की चिंता लेकर सुबह-सुबह घरों से निकले सैकड़ों उपभोक्ता जब घंटों इंतजार के बाद भी गैस एजेंसी बंद पाए, तो उनका गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने अपने खाली सिलेंडर एनएच-227ए पर रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर घंटों प्रदर्शन किया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन ठप हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि एक गैस एजेंसी कई दिनों से आजकल कहकर उपभोक्ताओं को टाल रही है।
मंगलवार को भी लोग सुबह पांच बजे से लाइन में खड़े थे, लेकिन करीब 11 बजे तक एजेंसी पर ताला लटका रहा। न कोई कर्मचारी मौजूद था, न कोई सूचना। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों की दिखी, जिनके घरों में गैस खत्म हो चुकी है। महिलाओं ने कहा कि घर में खाना बनाने की चिंता अलग है, ऊपर से घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। युवाओं ने बताया कि गैस के लिए लाइन में लगने से पढ़ाई-लिखाई और रोजमर्रा का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। प्रशासन के फोन पर एजेंसी संचालक करीब आधे घंटे बाद पहुंचे और बताया कि फिलहाल गैस उपलब्ध नहीं है, दो दिन में आपूर्ति होने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


