शहरों में खाना पकाने के लिए रसोई गैस मिलना आसान नहीं रहा

Apr 05, 2026 04:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

ईरान-इसराइल तनाव के कारण रसोई गैस और अन्य जरूरी सामानों की कमी से प्रवासी कामगारों की परेशानी बढ़ गई है। कई शहरों से कामगार लौट रहे हैं। सीवान जंक्शन पर यात्रियों की पड़ताल में गैस की किल्लत की पुष्टि हुई है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि मजदूरों के पलायन जैसी स्थिति नहीं है।

शहरों में खाना पकाने के लिए रसोई गैस मिलना आसान नहीं रहा

सीवान, निज प्रतिनिधि। ईरान-इसराइल तनाव के बीच रसोई गैस सहित अन्य जरूरी सामानों की बढ़ती किल्लत का असर अब लोगों पर पड़ने लगा है। खासकर महानगरों में रहकर काम करने वाले प्रवासियों की बेचैनी बढ़ गयी है। कई शहरों से कामगारों के लौटने की भी खबर है। इसको लेकर शनिवार को सीवान जंक्शन पर दिल्ली व कलकत्ता रूट से ट्रेनों पर सवार होकर लौटने वाले यात्रियों की पड़ताल की गयी। पाया गया कि रूट पर संचालित अमृतसर से पूर्णिया को जाने वाली ट्रेन नंबर 14618 ट्रेन में यात्रियों की भीड़ थी। लेकिन स्थानीय जंक्शन पर उतरने वालों की संख्या कम रही।

ट्रेन से उतरने वाले एक-दो यात्रियों से बात की गयी तो इन्होंने बताया कि शहर में रसोई गैस की किल्लत तो है और इससे मजदूर वर्ग अधिक परेशान है। खाना पकाने के लिए रसोई गैस आसानी से उपलब्ध नहीं हो रही है। यदि उपलब्ध हो रही है तो वह काफी महंगी है। कुछ ऐसे ही अन्य ट्रेनों की भी पड़ताल की गयी। इनमें शाम के 3.35 बजे कोलकाता से काठगोदाम को जाने वाली ट्रेन नंबर 13019 बाघ एक्सप्रेस, सुबह 11.47 बजे नई दिल्ली से चलकर ललितग्राम को जाने वाली ट्रेन नंबर 15566 वैशाली एक्सप्रेस भी शामिल रही। इन ट्रेनों में प्रतिदिन की तरह ही यात्री आ व जा रहे थे। कई लोगों का कहना था कि जंग यदि रूका नहीं और ऐसे ही आगे भी चलता रहा तो आने वाले दिनों में कामगारों की संख्या बढ़ सकती है। क्या कहना है रेलवे का स्थानीय जंक्शन के रेलवे पदाधिकारियों ने बताया कि महानगरों से ट्रेनों के जरिए मजदूरों के पलायन करने जैसी कोई स्थिति अभी नहीं है। सामान्य दिनों की तरह ही ट्रेनों में यात्री सफर कर रहे हैं। इसको लेकर वरीय पदाधिकारियों की ओर से भी किसी तरह का कोई निर्देश नहीं मिला है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।