इस्लाम में जुमे के दिन की खास फजीलत, जुमे को होती विशेष नमाज

Mar 07, 2026 02:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

सीवान में रमजान-उल-मुबारक के तीसरे जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। विभिन्न मस्जिदों में इमामों ने रमजान की अहमियत और जुमे की फजीलत पर तकरीर की। रोजेदारों ने रोजा रखा और इफ्तार की तैयारी में जुट गए। बाजारों में भी ईद की खरीदारी के लिए चहल-पहल बढ़ गई।

 इस्लाम में जुमे के दिन की खास फजीलत, जुमे को होती विशेष नमाज

सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। पाक रमजान-उल-मुबारक माह के तीसरे जुमे की नमाज शुक्रवार को रोजेदारों ने रोजा रखकर अकीदत के साथ अदा की। शहर के बड़ी मस्जिद, दरबार मस्जिद, ग्यारहवीं मस्जिद, बेलाल मस्जिद, जामा मस्जिद, नूर अक्शा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में तय समय खुतबा के बाद जुमे की नमाज अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों के इमाम व आलिमों ने माह-ए-रमजान की अहमियत, सवाब व दीनी बातों पर विशेष तकरीर पेश की। उन्होंने बताया कि इस्लाम धर्म में जुमे के दिन की खास फजीलत होती है। जुमे के दिन विशेष नमाज अदा की जाती है। इसके लिए मस्जिदों में पुरुषों की भीड़ होती है।

हर मुसलमान जुमे की नमाज जरूर अदा करते हैं, खासकर पाक महीने रमजान में पड़ने वाले जुमा का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। शहर के इस्माइल शहीद रोड मस्जिदें खिजिर के पेशइमाम कारी खुर्शीद अनवर ने अपने तकरीर में कहा कि रमजानुल मुबारक का यह दूसरा असरा चल रहा है, यह मगफेरत का असरा है। इसमें ज्यादा से ज्यादा कुरान की तिलावत करनी चाहिए, ज्यादा से ज्यादा माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ भूखे प्यासे रहने का नाम रोजा नहीं, इसमें चुगली, गिबत, गलत काम से परहेज करना चाहिए। कारी खुर्शीद अनवर ने अपने तकरीर में कहा कि रमजान का एक मकसद यह भी है कि इंसान परहेजगार बने व नेकी का रास्ता इख्तेयार करे। बहरहाल, जुमे की नमाज अदा करने के बाद रोजेदार महिलाएं इफ्तार की तैयारी में जुट गईं। वहीं, घर के पुरुष व नवयुवक खरीदारी के लिए बाजार निकल पड़े। इधर, रमजान के पाक महीने में मुस्लिम बाहुल्य इलाके में चहल-पहल पूरे दिन बनी रह रही है। अहले सुबह सेहरी से लेकर इफ्तार तक रोजेदार रोजा रखकर खुदा की इबादत कर रहे हैं। रोजा खोलने के बाद फिर मस्जिदों में नमाज पढ़ने पहुंच रहे हैं। इफ्तार के बाद मुस्लिम बाहुल्य इलाके के चौक-चौराहे पर खासी भीड़ दिख रही है। वहीं, इफ्तार के बाद लोग ईद की खरीदारी करने बाजार भी पहुंच रहे हैं। दिन की तुलना में बाजार में ईद की खरीदारी के लिए भीड़ इफ्तार के बाद अधिक दिख रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।