पछुआ हवा के झोंकों ने बढ़ाई किसानों की चिंता, दिखें परेशान
रघुनाथपुर में तेज पछुआ हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सब्जी की फसलों से नमी गायब हो रही है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह बारिश की संभावना जताई है। तापमान में गिरावट के साथ, किसानों को गेहूं की फसल और आम की चिंता है। हीट वेव से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रघुनाथपुर, एक संवाददाता। जिले में शुक्रवार से फिर तेज गति से शुरू हुई पछुआ हवा के झोंकों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज गति से पछुआ हवा के चलने से सब्जी की फसलों की जल्द नमी गायब होने को लेकर किसान परेशान हैं। शुक्रवार को सुबह 9 बजे दिन के बाद तेज धूप के साथ पछुआ हवा चलनी शुरू हुई। दोपहर तो इसकी रफ्तार 22 से 23 किलोमीटर प्रति घंटे की हो गई। शाम साढ़े 4 बजे भी हवा की रफ्तार कम नहीं हुई। इधर, मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक बारिश की भी संभावना व्यक्त की है। अधिकतम तापमान कमी का अनुमान लगाया है।
हालांकि, पछुआ हवा के चलने से न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि देखी गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय मौसम साफ रहा और तीखी धूप निकल आई। दोपहर के आते-आते धूप तो तेज रही पर पछुआ हवा भी तेज गति से चलने लगी। शाम में आसमान में बादल दिखें और पछुआ हवा के झोंके जारी रही। इससे लोगों को आवागमन के दौरान परेशानी उठानी पड़ी। तेज गति से पछुआ हवा चलने से सब्जी की खेतों से नमी जल्द गायब होने लगी है। आम में इस साल टिकोला कम ही लगे हैं। लेकिन, जो लगे हैं, उनमें बहुत सारे पछुआ हवा के चलते गिर रहे हैं। इधर, खेतों में गेहूं की फसल तैयार है। गुरुवार को फुलवरिया में शार्ट-सर्किट से कई किसानों के खेत में लगी गेहूं की फसल खाक हो गई। इस घटना को देखते हुए बिजली कंपनी शुक्रवार को साढ़े 10 बजे ही बिजली की सप्लाई काट दी। शाम 5 बजे तक सप्लाई शुरू नहीं की गई थी। हीट वेव को लेकर लोगों को दी गई सलाह हीट वेव को लेकर मौसम विभाग की ओर से लोगों को सलाह दी गई है कि कड़ी धूप में, विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर जाने से बचें। अपने घर को ठंडा रखें। रात में पर्दे, शटर या सनशेड का प्रयोग करें और खिड़कियां खोल दें। पर्याप्त पानी पिएं और जितनी बार संभव हो, भले ही प्यास न लगी हो, यात्रा के दौरान अपने साथ पानी जरूर रखें। हल्के रंग के ढीले और झरझरा सूती कपड़े पहनें। धूप में बाहर जाते समय सुरक्षात्मक चश्मे, छाता/टोपी, जूते या चप्पल का प्रयोग अवश्य करें। पंखे, नम कपड़ों का प्रयोग करें और बार-बार ठंडे पानी से स्नान करें। बच्चों और मवेशियों का रखें विशेष ख्याल मौसम विभाग द्वारा कहा गया है कि हीट वेव के चपेट में आने से आदमी बीमार पड़ सकता है। इसके कारण जान भी जा सकती है। ऐसे में इससे बचने का हर संभव प्रयास करें। बच्चों या पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ियों में न छोड़े। पशुओं को छाया में रखें व उन्हें पीने के लिए भरपूर पानी दें। बेहोशी की स्थिति में या बीमार महसूस करने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। ओआरएस का घोल, घर के बने पेय पदार्थ लस्सी, तोरानी (चावल का पानी), छाछ व नींबू पानी आदि का उपयोग करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


