महाराजगंज में 48 घोड़पड़ास मारे गए , किसानों को राहत

Newswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share

महाराजगंज के तक्कीपुर पंचायत में किसानों को घोड़पड़ास के आतंक से राहत मिली है। प्रशासन ने 48 घोड़पड़ास को मार गिराने का अभियान चलाया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान से राहत मिली है। यह कदम सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत उठाया गया है, और स्थानीय किसानों ने इसे आवश्यक बताया है।

 महाराजगंज में 48 घोड़पड़ास मारे गए , किसानों को राहत

महाराजगंज, एक प्रतिनिधि। प्रखंड के तक्कीपुर पंचायत में लंबे समय से घोड़पड़ास के आतंक से परेशान किसानों को आखिरकार राहत मिली है। फसलों को लगातार हो रहे भारी नुकसान के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया, जिसमें करीब 48 घोड़पड़ास को मार गिराया गया। इस कार्रवाई के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है और इसे अपनी आजीविका बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अभियान प्रशासन की देखरेख में अधिकृत शूटरों की मदद से चलाया गया। बीते कई महीनों से घोड़पड़ास के झुंड रात के समय खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नष्ट कर रहे थे, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही थी।

कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद सरकार के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया। स्थानीय किसानों का कहना है कि धान, गेहूं समेत अन्य फसलों को सबसे अधिक नुकसान पहुंच रहा था। लगातार हो रहे नुकसान के कारण कई किसान आर्थिक संकट में आ गए थे। ऐसे में इस कार्रवाई से उन्हें काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जगी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई सरकार के दिशा-निर्देशों और वन्यजीव प्रबंधन नीति के तहत की गई है। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रक्रियाओं का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में मिश्रित प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। जहां एक ओर किसान इसे जरूरी और समयानुकूल कदम बता रहे हैं मुखिया का कहना है स्थानीय मुखिया माधुरी देवी ने कहा कि भविष्य में किसानों के हितों और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि ऐसी समस्या का स्थायी समाधान निकल सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।