घोड़पड़ास के आतंक से किसान परेशान, सब्जी व गेहूं की फसल हो रही बर्बाद

Feb 28, 2026 02:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सीवान
share Share
Follow Us on

बड़हरिया के कई गांवों में नीलगाय और जंगली जानवरों ने किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुँचाया है। किसान महंगे बीज और खाद के बावजूद फसल की रक्षा करने के लिए रात भर जागते हैं। नीलगायों की बढ़ती संख्या से किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

 घोड़पड़ास के आतंक से किसान परेशान, सब्जी व गेहूं की फसल हो रही बर्बाद

बड़हरिया, एक संवाददाता। महंगाई के इस दौर में जहां किसान बढ़ती लागत के बीच खेती कर बेहतर उत्पादन की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं नीलगाय और जंगली जानवरों का आतंक उनकी मेहनत पर पानी फेर रहा है। क्षेत्र के कई गांवों में नीलगायों के झुंड रात के अंधेरे में खेतों में धावा बोलकर गेहूं और सब्जी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। सावना, कैलगढ़, सुंदरपुर, हथीगाई, ज्ञानी मोड़, हलीम टोला, जगतपुरा और रसूलपुर सहित कई गांवों में किसान खासे चिंतित हैं। चवर के खेतों में लगी गेहूं की फसल को नीलगाय चर कर बर्बाद कर दे रही हैं। वहीं बैगन, गोभी, टमाटर, बोरो समेत अन्य सब्जियों के कोमल हिस्सों को खाकर फसल नष्ट कर रही हैं।

सावना गांव के किसान आनंद कुमार, अर्जुन प्रसाद और मेराज आलम ने बताया कि महंगे बीज, खाद और सिंचाई पर हजारों रुपये खर्च कर सब्जी की खेती की गई थी। आनंद कुमार ने बताया कि करीब दो एकड़ में बंदगोभी, फूलगोभी, टमाटर और बैगन की खेती की है, लेकिन नीलगायों ने खेत में घुसकर पौधों के कोमल हिस्से को चर लिया, जिससे उत्पादन पर संकट मंडरा रहा है। किसानों का कहना है कि रात होते ही नीलगायों का झुंड खेतों में पहुंच जाता है। फसल बचाने के लिए उन्हें कड़ाके की ठंड में रात भर जागकर निगरानी करनी पड़ रही है। कई किसान पंप चलाकर खेतों में पानी भर देते हैं ताकि जानवर अंदर न घुसें, फिर भी पूरी तरह सुरक्षा संभव नहीं हो पा रही है। किसानों ने बताया कि इस संबंध में कई बार वन विभाग को आवेदन दिया जा चुका है और वरीय अधिकारियों से भी गुहार लगाई गई है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। क्षेत्र में नीलगायों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आने वाले दिनों में और अधिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो महंगी खेती के बावजूद उन्हें लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। नीलगायों के बढ़ते उत्पात से क्षेत्र के किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।