
पांच महीनों से बकाया मार्जिन मनी का भुगतान तत्काल कराएं
सीवान में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की बैठक में सभी पीडीएस विक्रेताओं ने सरकार से पिछले पांच महीनों से बकाया मार्जिन मनी का भुगतान करने की मांग की। बैठक में खाद्यान्न के वजन और गुणवत्ता की समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने उचित वजन और गुणवत्ता पर ध्यान देने का आश्वासन दिया।
सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के गोरेयाकोठी प्रखंड में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन की बैठक बुधवार को हुई। बैठक में सभी पीडीएस विक्रेताओं ने सामूहिक रूप से सरकार से पिछले पांच महीनों से बकाया मार्जिन मनी का भुगतान तत्काल प्रभाव से करने की मांग की। वहीं, सभी पीडीएस विक्रेताओं में संघ के अधिकारियों के समक्ष सही वजन में खाद्यान्न नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। एसोसिएशन के अनुमंडल अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी पीडीएस दुकानदार शामिल हुए। बैठक में आपूर्ति व्यवस्था से कई समस्याओं पर चर्चा की गई। अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने बताया कि अब सभी पीडीएस विक्रेता बिहार राज्य खाद्य निगम के गोदाम से अनाज प्राप्त करते समय प्रत्येक बोरी का वजन करवाकर ही खाद्यान्न लेंगे।
पिछले कई महीनों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि गोदाम से भेजे जा रहे खाद्यान्न में वजन की कमी पाई जा रही है। इससे जन वितरण प्रणाली की सुचारू सेवा प्रभावित हो रही है। यदि वजन में कमी पाई जाती है तो इसकी लिखित शिकायत विभागीय अधिकारियों से करेंगे, ताकि पीडीएस दुकानदारों को सही वजन का खाद्यान्न मिले और लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि वजन के साथ-साथ खाद्यान्न की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कई बार गुणवत्ता को लेकर असंतोष सामने आ रहा है। इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों ने बताया कि लगातार भुगतान लंबित रहने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। बैठक में फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अभय कुमार सिन्हा, हंसनाथ सिंह, रविभूषण कुमार, मनोज मिश्रा, मृत्युंजय सिंह, सुरेन्द्र सिंह, रुबी खातून, रामचंद्र राम, मंशा देवी, नीतू वर्णवाल व हरेन्द्र द्विवेदी आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




