
विधानसभा चुनाव को लेकर दरौंदा में बना तीन चेकपोस्ट, प्रशासन अलर्ट
दरौंदा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। तीन प्रमुख चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां पुलिस तैनात है। वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है, विशेषकर बाहरी जिलों से...
दरौंदा, एक संवाददाता। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने के उद्देश्य से सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी क्रम में दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के तीन प्रमुख सीमावर्ती स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां चौबीसों घंटे पुलिस बल तैनात हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पहला चेकपोस्ट एनएच-531 सिवान-छपरा मुख्य पथ पर जलालपुर के समीप, दूसरा मांझी-बरौली मार्ग पर डिब्बी चनचौरा बाजार के पास, और तीसरा दरौंदा प्रखंड कार्यालय के सामने एनएच-531 पर स्थापित किया गया है। इन तीनों चेकपोस्टों को संवेदनशील माना गया है, क्योंकि यह इलाके आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों से सटे हुए हैं।

चेकपोस्टों पर पुलिस की टीम लगातार वाहनों की जांच कर रही है। विशेष रूप से उन वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है जो बाहरी जिलों या सीमावर्ती इलाकों से आ-जा रहे हैं। वाहनों में अवैध शराब, नकदी, हथियार, प्रचार सामग्री या किसी भी संदिग्ध वस्तु की तलाशी ली जा रही है। पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि कोई भी वाहन बिना जांच के नहीं गुजर पाए। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ा दी गई है और सभी चौक-चौराहों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। सीओ कार्यालय की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि चेकपोस्टों के साथ-साथ मोबाइल पेट्रोलिंग टीमें भी सक्रिय हैं। ये टीमें विभिन्न इलाकों में घूम-घूम कर चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन की निगरानी कर रही हैं। साथ ही, प्रशासन की ओर से वीडियो सर्विलांस की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।चुनाव अवधि के दौरान पुलिस विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए स्थानीय खुफिया इकाई को भी सक्रिय किया गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस सक्रियता की सराहना की है। उनका कहना है कि सघन जांच व्यवस्था से बाहरी प्रभाव पर अंकुश लगेगा और मतदाताओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। ग्रामीणों ने भरोसा जताया कि इस बार का चुनाव पूरी तरह भयमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। प्रशासन की ओर से यह भी अपील की गई है कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग भी उतना ही जरूरी है जितना कि पुलिस की चौकसी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




