Siwan News सीवान: मेला देखने निकले इलेक्ट्रिशियन की चाकू घोंपकर हत्या
Siwan News सीवान के पाण्डेयपुर खमौरी गांव में एक इलेक्ट्रिशियन की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक रोहित कुमार की उम्र 23 वर्ष थी। वह दिल्ली में काम करता था और गांव में अपने घर आया था। शव स्कूल के पास मिला है, पुलिस जांच कर रही है।

Siwan News सीवान, निज प्रतिनिधि। जीबी नगर थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर खमौरी गांव में हमलावरों ने चाकू घोंपकर एक इलेक्ट्रिशियन की हत्या कर दी। मृतक गांव निवासी लालबाबू यादव का 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार था। सोमवार को इसका शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर स्कूल के पास मिला है। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि रोहित कुमार इलेक्ट्रिशियन का काम करता था और दिल्ली में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता था। इन दिनों वह गांव स्थित अपने घर पर आया हुआ था।
मामले की जानकारी
रविवार की रात करीब नौ बजे कुछ दोस्त इसे महाराजगंज स्थित मौनिया बाबा मेला देखने के लिए बुलाकर अपने साथ ले गए थे। रात करीब 12 बजे परिजनों ने इसके मोबाइल पर फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। सोमवार की अहले सुबह स्कूल के पास एक शव पड़े होने की सूचना किसी ने परिजन को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान रोहित कुमार के रूप में की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोहित की पीठ में चाकू से वार किया गया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए छानबीन कर रही है।


