
सकरा पैक्स का 19 को होगा मतदान व उसी दिन मतगणना
जीरादेई प्रखंड के सकरा पैक्स में 19 दिसंबर को चुनाव होगा। 2616 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं और मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन प्रखंड मुख्यालय पर की जाएगी। प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
सीवान, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के जीरादेई प्रखंड अंतर्गत सकरा पैक्स में होने वाले चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सकरा पैक्स के लिए 19 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। इसमें कुल 2616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रखंड क्षेत्र में चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर संध्या 4:30 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होते ही उसी दिन प्रखंड मुख्यालय में स्थापित मतगणना केंद्र पर मतों की गिनती कराई जाएगी, ताकि परिणाम शीघ्र घोषित किया जा सके।
प्रशासन का लक्ष्य है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न हो। चुनाव को लेकर मंगलवार को मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सहकारिता पदाधिकारी सौरव कुमार की मौजूदगी में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के उपयोग, मतपेटियों की सुरक्षा, मतगणना प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रपत्रों को भरने की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियम उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चुनाव व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चार मतदान केंद्रों के लिए चार पीठासीन पदाधिकारी और कुल 12 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है। मतगणना के लिए चार पर्यवेक्षक और आठ सहायकों को जिम्मेदारी मतगणना कार्य के लिए चार मतगणना पर्यवेक्षक और आठ मतगणना सहायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निष्पक्षता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अजय कुमार और प्रमोद कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रशासन ने सकरा पैक्स के सभी मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। पैक्स अध्यक्ष सहित प्रबंधन समिति के 11 सदस्यों का चुनाव जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया गया कि पैक्स अध्यक्ष के एक पद और प्रबंधन समिति के 11 सदस्यों का चुनाव मतपत्र के माध्यम से कराया जाएगा। अध्यक्ष पद अनारक्षित है। प्रबंधन समिति में एससी-एसटी, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कोटि के छह सदस्यों में एक-एक पद महिलाओं के लिए आरक्षित है। वहीं सामान्य वर्ग से पांच सदस्यों का चुनाव होगा, जिसमें दो पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। पैक्स निर्वाचन के लिए अध्यक्ष पद का मतपत्र लाल रंग का होगा। सामान्य कोटि सदस्य का मतपत्र नारंगी, पिछड़ा वर्ग का हरा, अति पिछड़ा वर्ग का सफेद एवं अनुसूचित जाति/जनजाति कोटि का मतपत्र आसमानी रंग का रहेगा। सभी मतपत्र काले रंग से मुद्रित होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




