
सड़क दुर्घटना में साइकिल सवार घायल, रोड जाम
दरौंदा में छपरा-सीवान मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से 60 वर्षीय नौलाख साह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-531 को जाम कर दिया और कार चालक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि कार्रवाई की जाएगी।
दरौंदा, एक संवाददाता। छपरा-सीवान मुख्य सड़क एनएच-531 पर कमसड़ा गांव के समीप सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर लगते ही वृद्ध दूर जा गिरे और साइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के बलूही गांव निवासी नौलाख साह (60 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नौलाख साह साइकिल से बगौरा से अपने घर बलूहीं लौट रहे थे। कमसड़ा के निकट वे जैसे ही सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी सीवान से छपरा की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक कार ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार की गति काफी अधिक थी, इसकारण चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घायल वृद्ध को सड़क किनारे से उठाकर तत्काल सीएचसी दरौंदा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी हालत बेहद नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सीवान में भी स्थिति गंभीर बनी रहने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया। इधर हादसे की सूचना फैलते ही कमसड़ा और आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचकर एनएच-531 को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया। जाम लगने से दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क पर लगातार तेज रफ्तार से वाहन गुजरते हैं, लेकिन गति नियंत्रण या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते। उन्होंने कार चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाया कि आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने कार और चालक की तलाश शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-531 पर गति नियंत्रण के लिए साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




