
भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानी व बचाव के तरीकों से होंगे अवगत
सीवान में भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा शुरू हुआ। 15 से 28 जनवरी तक चलने वाले इस पखवाड़े में लोगों को भूकंप से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाएगा। डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नुक्कड़ नाटक और होर्डिंग्स के माध्यम से सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जाएगी।
सीवान, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिला प्रशासन की देखरेख में भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा का शुभारंभ विधिवत रूप से गुरुवार से हो गया। 15 जनवरी से शुरू होकर 28 जनवरी तक चलने वाले भूकंप सुरक्षा पखवारे के दौरान लोगों को भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के प्रति जागरूक करना व बचाव के तरीकों से अवगत कराना है। आमलोगों के साथ ही छात्रों को भूकंप के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों व बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया जायेगा। इसी के तहत कलेक्ट्रेट परिसर से भूकंप सुरक्षा पखवारे की शुरुआत करते हुए डीएम विवेक रंजन मैत्रेय ने जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर गुरुवार को रवाना किया।
जागरुकता रथ जिले के सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सतर्क रहने का संदेश देगा। इस दौरान कला जत्था के महिला-पुरुष कलाकारों ने गीत-संगीत के माध्यम से भूकंप से बचाव को बताया। डीएम ने कहा कि भूकंप के खतरों को देखते हुए पूर्व-सतर्कता व सही जानकारी ही बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने जिले के सभी लोगों से अपील की कि इस अभियान से जुड़ें व सुरक्षा नियमों को अपने जीवन में उतारें। डीएम ने बताया कि जन-जागरुकता कार्यक्रम के दौरान जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक के सभी भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों व शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नुक्कड़ नाटक व प्रचार नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से रोचक तरीके से लोगों को भूकंप के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जायेगी। जिले के सार्वजनिक स्थलों पर होर्डिंग व फ्लैक्स प्रचार-प्रसार के माध्यम लगाए गए हैं। साथ ही, आमजनों के बीच सूचनात्मक पंपेलेट वितरित किए जा रहे हैं। एडीएम प्रमोद कुमार राम, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग व डीपीआरओ कन्हैया कुमार आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




