Siwan News पटाखा बेचने के लिए लाइसेंस अनिवार्य, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
Siwan News दीपावली के मद्देनजर सीवान के मैरवा क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए दुकानदारों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। पुलिस ने दुकानों की जांच और निर्माण, बिक्री तथा भंडारण स्थलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया है। स्थायी और अस्थायी दुकानों के लिए लाइसेंस का प्रावधान है। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा, अन्यथा कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

पटाखा बिक्री के लिए लाइसेंस और सुरक्षा नियम
Siwan News
सीवान/मैरवा, एक संवाददाता। दीपावली के मद्देनजर क्षेत्र में पटाखों की बिक्री करने वाले दुकानदारों को नियमानुसार लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्ता ने थानाध्यक्ष को पटाखों की दुकानों की जांच करने और बिना लाइसेंस बिक्री करने वालों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। साथ ही पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण वाले स्थानों को चिह्नित करने को कहा गया है। कहां से मिलेगा लाइसेंस पटाखों की बिक्री के लिए विस्फोटक नियमावली, 2008 के तहत लाइसेंस लेना होता है। निर्धारित मात्रा में पटाखों की दुकान से बिक्री के लिए जिला दंडाधिकारी यानी डीएम एसडीएम लाइसेंसिंग प्राधिकार हैं। स्थायी दुकान के साथ अस्थायी दुकान के लिए भी लाइसेंस का प्रावधान है। अस्थायी दुकान का लाइसेंस अधिकतम 15 दिनों के लिए दिया जा सकता है। इसके लिए दुकानदार जिला प्रशासन के संबंधित कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। लाइसेंस की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी मैरवा थाने से भी प्राप्त की जा सकती है। सुरक्षा नियमों का करना होगा पालन पटाखों की दुकान निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। दुकान में आग बुझाने के उपकरण, रेत और पानी की व्यवस्था रखना जरूरी है। ज्वलनशील सामग्री से दूरी बनाए रखने के साथ दुकान में निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं किया जा सकता। बिजली के तारों और आग के अन्य स्रोतों से भी सुरक्षा जरूरी है। केवल अधिकृत पटाखों की बिक्री की जानी चाहिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पटाखों की बिक्री और भंडारण को नियमों के दायरे में लाकर दुर्घटनाओं को रोकना है। बिना लाइसेंस बिक्री, अवैध निर्माण या नियमों के विरुद्ध भंडारण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


